मुरादाबाद। बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा नौ अगस्त को प्रस्तावित है। मुरादाबाद में तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों को दूसरे जनपदों में जाकर परीक्षा देनी होगी। सहायक नोडल अधिकारी का कहना है कि सरकार द्वारा तय किए गए मानक के हिसाब से मुरादाबाद में 31 केंद्र बनाए गए हैं। शेष अभ्यर्थियों को दूसरे विकल्प के हिसाब से अन्य जनपदों में केंद्र आवंटित किए जाएंगे। सहायक नोडल अधिकारी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा डॉक्टर संजय रस्तोगी ने बताया कि मुरादाबाद में 15,144 अभ्यर्थी आवंटित थे, लेकिन यहां पर 11,800 अभ्यर्थियों की ही व्यवस्था हो पाई है। मुरादाबाद में 31 परीक्षा केंद्र बने हैं। 11 केंद्रों पर पांच पांच सौ अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि शेष केंद्रों पर तीन सौ से साढ़े तीन सौ अभ्यर्थी बैठेंगे। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में 24 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश हैं कि जिन केंद्रों के शिक्षकों को ट्रेजरी से वेतन मिलता है, वहां पर परीक्षा कराई जाएगी। इसलिए राजकीय और अशासकीय महाविद्यालय व इंटर कॉलेजों में परीक्षा कराई जाएगी। इसके बाद भी तीन हजार अभ्यर्थी बच गए हैं, जो दूसरे जनपदों में जाकर परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया आवेदन के वक्त प्रत्येक अभ्यर्थी से दो दो जनपदों के नाम मांगे गए थे। शेष अभ्यर्थियों को उनकी दूसरी पसंद के हिसाब से केंद्र आवंटित किए जाएंगे। परीक्षा आयोजकों से परीक्षा कराने संबंधी दिशा निर्देश की जानकारी मांगी गई है, लेकिन अभी कोई जवाब नहीं आया है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी होने पर ही दिशा निर्देश की जानकारी मिल पाएगी। कोरोना वायरस के चलते प्रवेश परीक्षा आठ, 22 अप्रैल और 29 जुलाई को स्थगित हो चुकी है।