मिर्जापुर। नगर के पिपराडाड़ में बन कर तैयार मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर के सिद्धार्थनगर से करेंगे। कालेज के लेक्चर थियेटर में कार्यक्रम कर लोकार्पण संपन्न कराया जाएगा। मंगलवार को केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कॉलेज का निरीक्षण कर जानकारी ली। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के प्राजेक्ट मैनेजर राम अग्निहोत्री ने बताया कि शैक्षणिक कार्य शुरु होने के लिए सभी भवन बनकर तैयार है। सांसद ने जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार से कहा कि जो भी शेष काम हैं, उनको गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराएं। कहाकि सांसद के रूप में पिछले कार्यकाल में जिन परियोजनाओं की शुरुआत मिर्जापुर में कराई थीं, अब एक-एक कर पूरी हो रहीं है। उनके लिए खुशी की बात है कि शिलान्यास के बाद लोकार्पण भी उनके ही कार्यकाल में हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिले में केंद्रीय विद्यालय और इंजीनियरिंग कॉलेज की भी स्थापना कराई। एक सैनिक स्कूल की स्थापना कराने का प्रयास कर रही हूं। उम्मीद है कि शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में मिर्जापुर विकास के मामले में अग्रणी जिलों में शुमार होगा। निरीक्षण के दौरान एसआईसी डा. आलोकजी, कसाना बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड के डीएस पटेल, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष राम लौटन बिंद, रामरक्षा बिंद, उदय पटेल, हेमंत बिंद, राधेश्याम पटेल, महासचिव सुरेश पटेल, शंकर सिंह चौहान, अशोक पटेल, सुखराज पटेल, संतोष विश्वकर्मा, संतोष कुमार पटेल,विनोद कुमार बिंद, कुलदीप पटेल आदि रहे। मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए 232 करोड़ का बजट जारी हुआ है। इसमें पिपराडाड़ परिसर में एडमिन, एकेडमिक भवन, लेक्चर थियेटर, हास्टल आदि का कार्य पूरा हो गया है। प्रथम शिक्षण सत्र शुरु होने के लिए सभी भवन बनकर तैयार है। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के चीफ राम अग्निहोत्री ने बताया कि 232 करोड में अब तक 173 करोड़ मिला है। इसमें 30 करोड़ फर्नीचर का है। फर्नीचर का कार्य डिपार्टमेंट कराएगा। फर्नीचर के बजट का 10 करोड दे दिया गया है। बाकी भी दे दिया जाएगा। परिसर में सड़क बनाने और मिट्टी भराई का कार्य होना है। 70 घन मीटर मिट्टी लगेगी। इसमें दो करोड़ 40 लाख का खर्च आएगा। मिट्टी का बजट मिला है। रोड का बजट मिलना बाकी है।