मिर्जापुरः डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विंध्यधाम में लगाई हाजिरी, गड़ौली गांव में रखी 108 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला
मिर्जापुर के गड़ौली कम्हरिया गांव में ओएस बालकुंदन फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने 108 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को मिर्जापुर पहुंचे। शारदीय नावरात्र की नवमी तिथि पर विंध्यधाम में हाजिरी लगाई। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन कर आशीष मांगा। इसके बाद अष्टभुजा गेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक कर कई निर्देश दिए।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री कछवां क्षेत्र के गड़ौली कम्हरिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। ओएस बालकुंदन फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने हवन-पूजन कर 108 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी।
ट्रस्ट के द्वारा प्रतिमा और गौरी-शंकर मंदिर निर्माण कराने के लिए यज्ञ व विशाल भंडारा किया गया। पिछले नौ दिनों से यहां कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में कई मंत्री व विधायक शामिल हुए। गुरुवार को कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र, डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार भी शामिल हुए।
भाजपा के उत्तर प्रदेश सहसंयोजक सुनील ओझा द्वारा कार्यक्रम का संयोजन किया गया। एक प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। जहां चित्र के माध्यम से फाउंडेशन के कार्यक्रम को दर्शाया गया था।
पढ़ेंः काशी के घरों में कन्याओं संग पूजे जा रहे भैरव, मां सिद्धिदात्री के दरबार में उमड़ी भक्तों की भीड़
कल जौनपुर में रहेंगे डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 15 अक्तूबर को जौनपुर आएंगे। वह बक्शा थाना क्षेत्र के सवंसा गांव में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम की जानकारी होने पर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभागीय स्तर पर उनसे सौ करोड़ रुपये से अधिक की कुल 14-15 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कराने की तैयारी चल रही है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हेलीकॉप्टर से 15 अक्तूबर को दोपहर 12.10 बजे सवंसा गांव में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। पहले लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय रमाशंकर उपाध्याय की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इसके बाद पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इसके बाद निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि वे इस दौरान सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्र्पण और शिलान्यास कर सकते हैं।