मिर्जापुर। पुलिस उप महानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र आरके भारद्वाज ने अधिकारियों को आचार संहिता का पालन कराने को कहा है। यह भी निर्देश दिया कि मतदाताओं पर दबाव बनाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने में कोताही न करें। वह मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव में बाधा पहुंचाने की मंशा रखने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कराने के साथ ही अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाए। उन्होंने वांछित अभियुक्तों, इनामियां, जिलाबदर, एनबीडब्ल्यू के खिलाफ अभियान चलाने को कहा। सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के साथ-साथ डिजिटल वालेंटियर ग्रुप को अपडेट करते हुए साथ नियमित मीटिंग कर, उनका सहयोग लेने का निर्देश दिया। लाइसेंसी शस्त्र को जमा कराने में तेजी लाने, संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया। कहा कि फोर्स को ठहरने के लिए विद्यालयों को चिह्नित किया जाए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन महेश सिंह अत्रि, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी चुनाव डा. अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी प्रभात राय आदि रहे।