Mirzapur: कीड़े वाले आटे से स्कूली बच्चों के लिए बनाई रोटी, प्रधानाध्यापिका निलंबित, रसोइया की सेवा समाप्त
मिर्जापुर के भवानीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक रसोइया आटा गूंथ रही है। उस आटे मे रेंगते कीड़े देखकर कोई पूछता है कि इसी आटे की रोटी बनेगी क्या? मामले की शुक्रवार को जांच की गई। प्रथम दृष्टया गड़बड़ी मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका को बीएसए ने निलंबित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के मिर्जापुर जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में कीड़े वाले आटे की रोटी बनाए जाने के मामले की शुक्रवार को जांच की गई। प्रथम दृष्टया गड़बड़ी मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका को बीएसए ने निलंबित कर दिया। साथ ही रसोइया की सेवा समाप्त कर दी। इसके अतिरिक्त ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भी लिखा है।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर 37 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक रसोइया आटा गूंथ रही है। उस आटे मे रेंगते कीड़े देखकर कोई पूछता है कि इसी आटे की रोटी बनेगी क्या? इस पर रसोइया आटे को इधर-उधर कर देती है, इससे कीड़ा छिप जाता है। वहां एक महिला भी खड़ी है, जिसके बारे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वह प्रधानाध्यापिका है अथवा अध्यापिका।
ये भी पढ़ें: ‘अब जे भी बनारस आई, त खुश हो के ही जाई’, वाराणसी में दिखा पीएम मोदी का अलग अंदाज
बीएसए ने एक दिन में मांगी जांच रिपोर्ट
इस वीडियो को सिटी विकास खंड के भवानीपुर का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने पर बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारी सिटी व मिड डे मील के जिला समन्वयक को जांच अधिकारी बनाकर एक दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
दोनों अधिकारियों ने शुक्रवार को मौके पर जाकर जांच की। इस दौरान जांच में प्रथम दृष्टया प्रभारी प्रधानाध्यापिका व रसोइया को दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया और रसोइया की सेवा समाप्त कर दी। साथ ही खंड शिक्षाधिकारी मुख्यालय को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है। बीएसए ने रसोइयों का चयन प्रतीक्षा सूची से करने का निर्देश भी दिया।
ग्राम प्रधान पर कार्रवाई को लिखा पत्र
बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में ये तथ्य सामने आए हैं कि संबंधित ग्राम प्रधान ने मध्याह्न भोजन बनवाने में सहयोग नहीं किया। साथ ही मध्याह्न भोजन पर जो धनराशि खर्च की गई, उसके चेक पर हस्ताक्षर भी नहीं किया। उन्होंने प्रधान पर यह आरोप भी लगाया कि बाहरी व्यक्ति को बुलाकर मध्याह्न भोजन बनाए जाने के दौरान का वीडियो बनवा लिया। बीएसए ने बताया कि मध्याहन भोजन बनवाने में सहयोग नहीं करने पर संबंधित प्रधान के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन में जो भी गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।