मिर्जापुर। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बुधवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बैरक, मेस आदि का निरीक्षण कर बंदियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक दोपहर में औचक निरीक्षण के लिए जिला कारागार पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बैरक मेस, कारागार परिसर आदि का हाल देखा। इसके बाद बंदियों को कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के दृष्टिगत सफाई, मास्क का प्रयोग करने वह सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के बारे में बताया। कोरोना संक्रमण से बचाव व सावधानी के लिए आवश्यक कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जेल अधीक्षक से अस्थायी जेल के बारे में जानकारी ली। जेल अधीक्षक अनिल राय ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर दो अस्थायी जेल बने हैं। एक विंध्याचल और दूसरा चुनार में है। इस समय बंदी को पहले वहां भेजा जाता है। अस्थाई जेल में जांच होने के बाद रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे जिला कारागार में रखा जाता है। बताया कि विंध्याचल के अस्थाई जेल में इस समय 33 और चुनार में 13 बंदी है। 30 बंदी निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद जिला कारागार में आ गए है। जिला कारागार में इस समय 650 बंदी जेल में है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर कुमार, जेल अधीक्षक अनिल राय, प्रभारी कोतवाल जितेंद्र यादव आदि रहे।