मिर्जापुर: बहुरुपिये ने की 1.86 लाख की ठगी, 10 वर्ष पूर्व लापता हुआ बेटा बनकर पहुंचा था
ठगी के शिकार लोग बहुरुपिये की खोजबीन कर रहे थे कि रविवार को वह दोबारा गांव में एक व्यक्ति के घर पहुंचा। इस दौरान लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ कर रही है।
विस्तार
मिर्जापुर जिले के सहसपुरा गांव में बीते दिनों साधु के रूप में पहुंचे एक बहुरुपिये ने एक घर से एक लाख 86 हजार रुपये की ठगी की। खुद को उस घर का 10 वर्ष पूर्व लापता हुआ बेटा बताकर ननिहाल जाकर भी सोने-चांदी के जेवर ले गया। ठगी के शिकार लोग बहुरुपिये की खोजबीन कर रहे थे कि रविवार को वह दोबारा गांव में एक व्यक्ति के घर पहुंचा। इस दौरान लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ कर रही है।
सहसपुरा गांव निवासी बुधराम विश्वकर्मा का पुत्र अन्नू उर्फ रवि विश्वकर्मा 16 अप्रैल 2011 को घर से कहीं चला गया था। उसका अब तक पता नहीं चला। 10 वर्ष बाद 17 जुलाई 2021 को एक युवक गांव में साधु के रूप में भिक्षा मांगने पहुंचा। वह बुधराम के घर पहुंचकर खुद को उनका लापता पुत्र बताते हुए घर की सारी बातें बताने लगा।
इससे परिवार के लोगों को उस पर विश्वास हो गया। परिजनों ने कहा कि अब घर रुक जाओ। इस पर उसने कहा कि हम मठ से जुड़ चुके हैं। इससे बाहर निकलने के लिए मठ में 986 धोती, 986 लंगोटी, 10 टिन घी, पांच बोरी चीनी के साथ ही 21 हजार रुपये नकद देकर हवन-पूजन के बाद ही हम साधु के जीवन से मुक्त हो पाएंगे।
पुत्र के मोह में पड़कर नकदी व सामानों की भरपाई के लिए पिता बुधराम ने एक लाख 86 हजार रुपये का इंतजाम कर उसे दे दिया। इसके बाद वह बहुरुपिया घर के सदस्यों के साथ पड़ाव पहुंचा। वहां पर साधु के वेष में पहले से मौजूद एक दूसरे साथी को रुपये दे दिया। इसके बाद वह रामनगर स्थित ननिहाल जाने की बात कहते हुए अन्य लोगों को गांव भेज दिया।
इसके बाद वह ननिहाल जा पहुंचा और वहां भी परिवार के लोगों को भ्रमित कर सोने-चांदी के जेवरातों को मंगाया और उसे अपने पास रख लिया। एक दूसरी पोटली बनाकर यह कहकर दे दिया कि इसे सुरक्षित रख दो। एक सप्ताह बाद दोगुना हो जाएगा। मौका देख इसी बीच वह रात में ही वहां से फरार हो गया।
दो दिन बाद शंका होने पर लोगों ने पोटली खोलकर देखी तो उसमें ईंट-पत्थर के टुकड़े नजर आए। इसके बाद से ही लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। रविवार को वह दोबारा सहसपुरा गांव पहुंचा तो लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान बहुरुपिये युवक की पहचान हुई। वह गोंडा का रहने वाला है। देर शाम तक पुलिस पूछताछ करती रही। थानाध्यक्ष गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि एक बहुरुपिये पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।