बीएचयू के साउथ कैंपस से आरएसएस का उखाड़ा झंडा, डिप्टी चीफ प्राक्टर पर मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिर्जापुर में बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के खेल मैदान में मंगलवार सुबह संघ की शाखा के दौरान लगे झंडे को डिप्टी चीफ प्राक्टर ने उखाड़ दिया। इससे नाराज स्वयं सेवक छात्रों ने झंडे का अपमान करने और छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप में डिप्टी चीफ प्राक्टर के निलंबन के लिए प्रशासनिक भवन में धरना दिया।
इस पर डिप्टी चीफ प्राक्टर किरण दांबले ने इस्तीफा देकर माफी मांग ली। जिला कार्यवाह चंद्रमोहन की तहरीर पर पुलिस ने धार्मिक भावना आहत करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दक्षिणी परिसर में सात साल से संघ की शाखा लग रही है। मंगलवार सुबह छात्र खेल मैदान में संघ का ध्वज लगाकर योग-प्राणायाम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान डिप्टी चीफ प्राक्टर किरण दांबले ने ध्वज उखाड़ दिया। इस पर स्वयंसेवक संघ के सदस्य और छात्र डिप्टी चीफ प्राक्टर पर ध्वजके अपमान का आरोप लगाते हुए प्रशासनिक भवन में धरने पर बैठ गए।
छात्रों ने डिप्टी चीफ प्राक्टर के इस्तीफे और अगले दिन शाखा में ध्वज को लगाने की मांग की। सूचना पर देहात कोतवाल पहुंचे और दोनों पक्षों से बात कर मामला शांत कराया। देहात कोतवाल अभय सिंह ने बताया कि झंडा हटाने को लेकर विवाद हुआ था। डिप्टी चीफ प्रॉक्टर ने माफी मांग ली है।
बीएचयू के साउथ कैंपस के डिप्टी चीफ प्राक्टर किरण दांबेल ने बताया कि खेल मैदान के ट्रैक पर छात्र योग कर रहे थे। वर्तमान माहौल को देखते हुए उनसे ध्वज हटाने को कहा लेकिन उन्होंने नहीं हटाया। इस पर झंडा निकालकर अटेंडेंट सतीश को दे दिया गया। झंडे का अपमान नहीं किया गया है। बस उन्हें खेल मैदान पर झंडा लगाकर शाखा लगाने से मना किया गया है। 10 वर्ष से साउथ कैंपस में हूं। खेल मैदान में शाखा नहीं लगती थी। अपना इस्तीफा चीफ प्राक्टर ओपी सिंह को भेज दिया है।
एसपी मिर्जापुर डा. धर्मवीर सिंह ने कहा कि दक्षिणी परिसर में सात वर्ष से संघ की शाखा लग रही है। ऐसे में डिप्टी चीफ प्राक्टर को ध्वज नहीं हटाना चाहिए था। ध्वज हटाने से स्वयं सेवकों की धार्मिक भावना आहत हुई। जिला कार्यवाह की तहरीर पर धार्मिक भावना आहत करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।