मिर्जापुर में दबंगई : बिजली चोरी में पकड़े जाने पर मकान मालिक ने जेई पर छोड़ दिया कुत्ता, दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी
जेई ने बताया एलटी लाइन से दो कोर की काली केबल खींचकर विद्युत चोरी की जा रही थी। कनेक्शन संबंधी कागजात मांगने पर मारपीट की गई। इसके बादज कुत्ते को छोड़ दिया गया।
विस्तार
मिर्जापुर में देहात कोतवाली क्षेत्र के मुंहकुचवा में बुधवार की दोपहर चेकिंग के दौरान बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर मकान मालिक ने बिजली कर्मियों से मारपीट करते हुए अवर अभियंता (जेई) पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने जेई को काट लिया। जिसके बाद जेई ने देहात कोतवाली में तहरीर दी।
तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया। अवर अभियंता विनय कुमार ने तहरीर में बताया कि राजस्व वसूली और चेकिंग के दौरान मुंहकुचवा पेट्रोल पंप के पास आशीष जायसवाल पुत्र राजकुमार के यहां सहकर्मी प्रदीप मौर्या, सुरेंद्र मौर्या, लाइनमैन मुन्ना यादव व बच्चन के साथ पहुंचा।
यहां एलटी लाइन से दो कोर की काली केबल खींचकर विद्युत चोरी की जा रही थी। कनेक्शन संबंधी कागजात मांगने पर मौजूद मनीष जायसवाल पुत्र राजकुमार निवासी पहाड़ी मुंहकुचवा दो-तीन लोगों के साथ आकर मारपीट करने लगे। इस दौरान सरकारी कागजात को भी फाड़ दिया।
बचाव करने पर हाथ में काट लिया
इसके बाद अपना पालतू कुत्ता उन पर छोड़ दिया। कुत्ते ने उनके गले को पकड़ लिया। बचाव करने पर हाथ में काट लिया। टीम के अन्य सदस्यों पर भी कुत्ता छोड़ा। दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। देहात कोतवाल विपिन सिंह ने बताया कि जेई की तहरीर पर आरोपी मनीष जायसवाल, आशीष जायसवाल और तीन अज्ञात पर सरकारी कर्मचारी को धमकाने, हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा, किसी जानवर से हमला कराना आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।