मिर्जापुर: मजदूर की हत्या कर पहाड़ी पर फेंका शव, पास में मिली शराब नमकीन और सरिया
मजदूर शनिवार की शाम को मछली मारने की बात कहकर घर से निकला था। बहुती जंगल में बलुअहवा तालाब के पास मजदूर का शव मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जापुर जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के बहुती जंगल में बलुअहवा तालाब के पास सगौनी पहड़ी पर रविवार की सुबह युवा मजदूर की हत्या कर फेंका हुआ शव मिला। युवक के सिर पर गहरी चोट लगी होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। साथ ही एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि ने भी मौका मुआयना किया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बहुती गांव निवासी श्रीराम(35) मजदूरी करता था। शनिवार की शाम पांच बजे घर से चुनरी बांध पर मछली मारने की बात कह कर निकला था। रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन खोजबीन करने लगे। लेकिन पता नहीं चल सका। रविवार की सुबह परिजन फिर खोजबीन कर रहे थे कि सगौनी पहाड़ी पर शव देखकर चरवाहों ने धनावल गांव के प्रधान विपिन बिहारी बिंद को सूचना दी।
प्रधान की सूचना पर लालगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर शराब का खाली पैकेट, गिलास, नमकीन और सिगरेट के खाली पैकेट पड़े थे। साथ ही एक तीन फीट की सरिया, टॉर्च आदि मिली। ग्रामीण कयास लगा रहे हैं कि योजना के तहत शराब पिलाने के बाद सरिया से सिर पर वार कर हत्या की गई है।
जंगल में लापता युवक का शव बरामद हुआ है। सिर में चोट के निशान है। पोस्टमार्टम होने के बाद मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट या परिजनों की तहरीर आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -महेश सिंह अत्रि, एएसपी नक्सल
पुत्री ने फोन कर वापस घर बुलाया था
मछली मारने के लिए घर से निकले श्रीराम की पुत्री कंचन ने फोन कर पापा को वापस घर आने को कहा था, पर उसके पापा घर नहीं लौटे। दूसरे दिन रविवार को उसका शव जंगल में मिला। पापा की मौत की खबर सुनते ही दोनों पुत्र और पुत्री का रो-रो कर बेहाल थे।