मड़िहान (मिर्जापुर)। थाना क्षेत्र के कलवारी में गैस एजेंट द्वारा पचास रुपये अतिरिक्त परिवहन खर्च मांगने पर उपभोक्ता के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। मामला गुरुवार की रात का है।
विन्ध्य भारत गैस एजेंसी हलिया से कलवारी निवासी कृष्णकुमार सिंह ने गैस का कनेक्शन लिया है। दो दिन पूर्व उन्होंने ऑनलाइन गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। गुरुवार की रात कलवारी में एजेंसी का डिलेवरी वाहन गैस वितरण करने आया था। पचास रुपये को लेकर कृष्णकुमार सिंह व एजेंट कृष्णानंद गोश्वामी उलझ गए। आरोप है कि मौका पाकर कृष्णानंद का पुत्र सौरव कुमार सिंह जबरन गैस सिलेंडर लेकर चल दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस न बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।