दरोगा पर गाज गिरनी तय: सेटिंग से बनवाया फिरोज का पासपोर्ट, UAE जाने की फिराक में था याकूब कुरैशी का बेटा
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के छोटे बेटे फिरोज उर्फ भूरा ने एक दरोगा से सेटिंग कर पासपोर्ट बनवा लिया और अब दुबई जाने की तैयारी कर रहा था। प्रशासन ने पासपोर्ट को निरस्त कराने की तैयारी कर ली है। वहीं एक दरोगा पर गाज गिरनी तय है।
विस्तार
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के छोटे बेटे फिरोज उर्फ भूरा ने एक दरोगा से सेटिंग कर पासपोर्ट बनवा लिया था। अब खुलासा होने पर पासपोर्ट भी निरस्त होगा और दरोगा पर भी गाज गिरना तय है। तीन दिन पहले फिरोज को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पकड़ा गया था। वह दुबई जाने की फिराक में था। फिरोज के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।
फिरोज उर्फ भूरा ने मेडिकल थाने में तैनात एक दरोगा से रिपोर्ट लगवाकर पासपोर्ट जारी करा लिया था, जबकि उसका वास्तविक पता सराय बहलीम थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत है। एसएसपी ने इस पूरे प्रकरण पर जांच बैठा दी है। पासपोर्ट निरस्तीकरण के लिए कोतवाली पुलिस ने अदालत में अर्जी लगा दी है। साथ ही पासपोर्ट कार्यालय को भी एक रिपोर्ट भेजी गई गई है।
सीओ की जांच रिपोर्ट आने पर दरोगा पर बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है। शनिवार को पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के छोटे बेटे फिरोज उर्फ भूरा को दुबई जाते समय दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक लिया गया था।
हिरासत में लेकर उसे खरखौदा पुलिस के हवाले कर दिया गया था। बिना कोर्ट की अनुमति विदेश न जाने की बात लिखित में लेकर परिजनों की सुपुर्द कर दिया था। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा का कहना है फिरोज उर्फ भूरा के खिलाफ दर्ज मुकदमों और पासपोर्ट की जांच के निर्देश दिए हैं।
ये था मामला
खरखौदा के अलीपुर में 31 मार्च 2022 को अल फहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड में मीट की अवैध पैकेजिंग-प्रोसेसिंग का मामला पकड़ा गया था। मौके से करीब 5 करोड़ का मीट बरामद किया गया था। इस मामले में पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी, उनके पुत्र इमरान व फिरोज और पत्नी शमजिदा समेत 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
आरोपियों के विदेश भागने की आशंका में पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया था। 28 नवंबर 2022 को फिरोज उर्फ भूरा को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया था। 96 दिन बाद कोर्ट ने सशर्त जमानत दी थी कि मुकदमा समाप्त होने तक वह देश से बाहर नहीं जाएगा। रविवार को दुबई जाते समय उसे हिरासत में ले लिया गया था।