Weather: जुलाई के पहले सप्ताह में रिकॉर्ड तोड़ बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों को लाभ, अगले 72 घंटे तक अलर्ट
मेरठ बागपत समेत पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश जारी है जुलाई सप्ताह की शुरुआत में रिकॉर्ड तोड़ बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
विस्तार
मेरठ बागपत समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिन से बारिश जारी है। मूसलाधार बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिले हुए हैं वहीं जनजीवन प्रभावित भी हुआ है। मुजफ्फरनगर में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण कई स्थानों पर हादसे हो गए तो कई स्थानों पर मकान गिरने की घटनाएं भी हुईं। विभिन्न जिलों में रुक रुक कर बारिश जारी है।
मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई, मलबे में दबकर मां बेटी की दर्दनाक मौत हो गई जबकि पिता घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बागपत जनपद में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान व उसके बैल की रविवार सुबह मौत हो गई वहीं इससे पहले शनिवार को खेत में काम कर रहे दो दोस्तों पर भी आकाशीय बिजली गिर गई। एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।
बिजनौर में पिछले पांच दिन से लगातार बारिश में मौसम का मिजाज बदल दिया है। बारिश से किसानों की फसलों को लाभ पहुंचा है। दस दिन पहले तक मौसम का तापमान बढ़ने से गर्मी में लोगों का जीना दुश्वार हो गया था। कूलर पंखे भी गर्मी के चलते गर्म हवा फेंक रहे थे। लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पिछले 5 दिन से मानसून ने दस्तक दी और दिन और रात में भी मूसलाधार एवं रिमझिम बारिश लगातार होती रही।
हवा के साथ पड़ी इस बारिश ने मौसम का तापमान नीचे गिरा दिया और मौसम में ठंड बढ़ गई। बारिश से विद्युत वोल्टेज बढ़ते दिखाई दिए। उधर किसान अपने खेतों पर धान की रोपाई करने में जुट गया। गन्ने की फसल, धान की फसल को इस बारिश से भारी पहुंचा है। बारिश से किसानों के चेहरे खिलते नजर आए।