कोरोना से दहशत: मेरठ में चार माह बाद एक व्यापारी की मौत, पीवीवीएनएल के एमडी समेत मिले 92 लोग संक्रमित
मेरठ जिले में कोरोना का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। बुधवार को एक व्यापारी की कोरोना से मौत हो गई, जबकि पीवीवीएनएल के एमडी समेत 92 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में पीवीवीएनएल के एमडी समेत कोरोना के 92 मरीज मिले हैं और बेगमबाग के कपड़ा कारोबारी सुभाष सिंघल (71) की मौत हो गई है। जिले में करीब चार माह बाद कोरोना से मौत हुई है। मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल में रह रहीं नर्सिंग की 18 छात्राएं, ऊर्जा भवन के मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता और सिंगापुर से आया युवक भी पॉजिटिव हैं। जिले में अब 341 सक्रिय केस हैं, जिनमें से 328 होम आइसोलशन में हैं और 13 अस्पतालों में भर्ती हैं।
विदेश से आए 15 लोगों समेत बुधवार को 5953 लोगों की कोरोना की जांच की गई। नए मरीजों में 50 पुरुष, छह किशोर और 36 महिलाएं हैं। ये राजेंद्रनगर, कैंट, इस्लमाबाद, हस्तिनापुर, अब्दुल्लापुर, ब्रह्मपुरी, दौराला, इस्लामाबाद, जयभीमनगर, लल्लापुरा, नगंला बट्टू, पुलिस लाइंस, संजयनगर, शकूरनगर, रजबन, तारापुरी और कंरकरखेड़ा आदि के रहने वाले हैं। इनके संपर्क वालों की जांच कराई जा रही है। इनके सैंपल जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेजे जाएंगे। वहीं, विदेश से 59 लोग और आए हैं। 21 नवंबर से अब तक 2719 लोग आ चुके हैं, जिनमें से 1516 की जांच हो चुकी है, नौ लोग बिना जांच वापस चले गए, जबकि 192 के संपर्क नंबर रिपीट मिले हैं। बाकी की जांच होनी है। विदेश से आए अब तक 14 लोगों को कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। ओमिक्रॉन की जांच के लिए जिले से 61 लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से 21 की रिपोर्ट आ चुकी है। 15 की रिपोर्ट निगेटिव है और छह पॉजिटिव आए हैं।
मेडिकल का सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक फिर बना कोविड अस्पताल
मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को फिर से कोविड अस्पताल बना दिया गया है। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि गुरुवार से यहां मरीजों को भर्ती किया जाना शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल 200 बेड संचालित किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर इन्हें 400 बेड तक बढ़ाया जा सकता है। यहां लिक्विड ऑक्सीजन की सप्लाई होती है। कोरोना संक्रमित बच्चों के लिए पीकू वार्ड भी चालू कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: खुलासा: अखिलेश यादव के दरबार में अजय की होती थी सीधे एंट्री, दूधिया से बिल्डर बने चौधरी की ऐसी चमकी किस्मत
विद्युत विभाग में सात मरीज मिल चुके
ऊर्जा भवन में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। पीवीवीएनएल एमडी, मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता से पहले निदेशक वित्त, निदेशक वाणिज्य के कार्यालय सहायक, अधिशासी अभियंता और एक चपरासी संक्रमित मिल चुके हैं।
मेडिकल कॉलेज में कोरोना का प्रहार
एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में कोरोना के मरीज लगातार मिल रहे हैं। नर्सिंग की 18 छात्राओं के अलावा यहां पहले एक वरिष्ठ चिकित्सक और उनके विभाग के दो जूनियर डॉक्टर भी संक्रमित निकले थे।
कपड़ा कारोबारी को सांस लेने में हो रही थी परेशानी
कपड़ा व्यापारी सुभाष सिंघल को सांस लेने में परेशानी होने पर उनके भतीजे नवीन जिंदल ने उन्हें मंगलवार सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया था। मृतक के दामाद और अन्य रिश्तेदारों ने शव को हरिद्वार ले जाकर अंतिम संस्कार किया। लालकुर्ती थाना पुलिस के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम बेगम बाग पहुंची और मृतक के भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ पड़ोसियों के सैंपल लिए हैं, इनकी कोरोना की जांच कराई जाएगी। सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान का कहना है कि वह डायबिटीज और अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें: विपक्ष पर खूब गरजे, निशाने पर रहे अखिलेश, पढ़िए ऐतिहासिक रैली का हर प्वाइंट
पशु चिकित्सा कॉलेज के पांच छात्र पॉजिटिव, दो दिन की नहीं चलेंगी कक्षाएं
सीएचसी दौराला के एक चिकित्सक व कर्मचारी की पत्नी समेत नौ लोगों में एंटीजन जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, इन नौ लोगों में पांच छात्र कृषि विवि के पशु चिकित्सा कॉलेज में पढ़ते हैं। कॉलेज की दो दिन की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। सीएचसी दौराला के प्रभारी डॉ. विपुल वर्मा ने बताया कि सीएचसी पर ही काम करने वाले एक कर्मचारी की किठौर स्थित एक स्कूल की शिक्षिका, दौराला में गाजियाबाद व दिल्ली के बसंतकुंज से आए एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव है। हालांकि, बाहर से आने वाले दोनों युवक वापस जा चुके हैं। इनके संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है।