UP: ऊर्जा मंत्री को जिंदा जलाने का बयान देने वाले मुकेश सिद्धार्थ गिरफ्तार, बोले-चिंता करने की जरूरत नहीं
मेरठ में ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर को जिंदा जलाने का बयान देने के मामले में सपा नेता को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आज उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर को जिंदा जलाने का बयान देने के मामले में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष व सपा नेता मुकेश सिद्धार्थ को रविवार देर रात दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। वह अग्रिम जमानत का प्रयास कर रहे थे। रात में ही पुलिस टीम सपा नेता को सिविल लाइन थाने लेकर पहुंची। आज उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
नगर निगम में पार्षदों की पिटाई के विरोध में शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया था। विपक्ष के काफी नेता इसमें शामिल रहे। समाजवादी पार्टी के नेता मुकेश सिद्धार्थ भी रहे थे, जिन्होंने संबोधन में गिरफ्तारी न होने पर सोमेंद्र तोमर को जिंदा जलाने का बयान दिया था।
शनिवार को पूरे दिन पुलिस टीम उनकी तलाश में दौड़ती रही। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मुकेश सिद्धार्थ दिल्ली में छिपे हैं और अग्रिम जमानत के प्रयास में लगे हैं। पुलिस ने रात में ही मुकेश सिद्धार्थ को हिरासत में ले लिया। एसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मुकेश सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया गया।
मेरी गिरफ्तारी हो गई है... चिंता करने की जरूरत नहीं : मुकेश सिद्धार्थ
मुकेश सिद्धार्थ ने देर रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया कि मेरी गिरफ्तारी हो गई है। चिंता करने की जरूरत नहीं है। संघर्ष का ये रास्ता मेरे लिए नया नहीं है। आप समझौते करते रहना, मैं फिर भी आपके लिए लाखों बार लड़ने के लिए तैयार हूं। जेल जाने को तैयार हूं। समाज के लिए मरने को तैयार हूं।
मैंने किसी समाज के खिलाफ कुछ नहीं बोला, सिर्फ उस मंत्री के खिलाफ बोला जिसने मेरे समाज के नौजवानों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। फिर भी अगर समाज को मुझसे शिकायत है तो मैं माफी मांगता हूं। अगर मैं सही हूं तो मैं अपने समाज से सुबह 10 बजे थाना सिविल लाइंस आने का आह्वान करता हूं।