यूपी एनकाउंटर, 10 हजार के इनामी बदमाश को जांबाज अफसर ने मारी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में मंदवाड़ा गांव के जंगल में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दस हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश मौहब्बत पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी हाथ में गोली लगने से घायल हुआ है। पुलिस ने पकडे़ गए बदमाश के कब्जे से दो तमंचे व दस कारतूस बरामद किए। पकडे़ गए घायल बदमाश के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, बदमाश के घर दबिश के लिए गई पुलिस पर बदमाश की पत्नी ने पथराव किया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव मंदवाड़ा निवासी मौहब्बत (40) पुत्र लोटा बुढ़ाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। बदमाश पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित है। वह कई मामलों में फरार चल रहा था। सोमवार को बदमाश मौहब्बत अपने घर पर आया हुआ था। वांछित हिस्ट्रीशीटर की सूचना पर इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा और एसएसआई जयभगवान यादव पुलिसबल के साथ मंदवाड़ा गांव पहुंचे। पुलिस ने बदमाश के मकान को घेर लिया। पुलिस आने की सूचना मिलते ही बदमाश की पत्नी मीना ने मकान की छत से पुलिस पर पथराव किया। इसी दौरान बदमाश भी पुलिस टीम पर फायर करता हुआ घर की दीवार फांदकर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने जवाबी फायर करते हुए बदमाश का पीछा किया। बदमाश और पुलिस के बीच फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश मौहब्बत घायल होकर गिर पड़ा। इस मुठभेड़ में बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में कांस्टेबल आदित्य भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ हरिराम यादव भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से दो देशी तमंचे, दस कारतूस और छह खोखे बरामद किए। घायल बदमाश व सिपाही को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया, जहां से घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि बदमाश बुढ़ाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। वह जनपद में टॉप- 5 बदमाशों में से है। बदमाश के खिलाफ बुढ़ाना, शामली व मुजफ्फरनगर में हत्या, डकैती, लूट व गुंडा एक्ट के 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की टीम पर पथराव करने वाली बदमाश की पत्नी मीना को भी पुलिस को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मीना के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बदमाश की पत्नी से पूछताछ कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/