मेरठ में एनएच-58 स्थित रतिराम खूबचंद ऑयल डिपो से 70 हजार लीटर बिना हिसाब-किताब के मिले केरोसिन ऑयल मामले में पूर्ति निरीक्षक जोगेंद्र सिंह की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर परतापुर के अनुसार आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत शंभूनगर निवासी संजय कुमार और माधवपुरम निवासी विक्की कुमार को आरोपी बनाया गया है।
नकली तेल पर नकेल: अवैध केरोसिन मामले में दो पर मुकदमा, चार भूमिगत टैंक व गोदाम में मिले टैंकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निरीक्षण के दौरान एक तेल टैंकर और चार भूमिगत टैंक पाए गए। मौके पर मैनेजर विक्की कुमार से स्टॉक रजिस्टर और बिक्री के बारे में पूछा गया। टैंकर संख्या यूपी 15 ईटी1329 से तेल डिपो नजीबाबाद से मिट्टी तेल लाने की आमद स्टाक रजिस्टर में पायी गई। रजिस्टर में 45297 लीटर केरोसिन अंकित पाया गया।
रजिस्टर में शनिवार को कोई बिक्री नहीं पाई गई। परिसर में खड़े टैंकर के चारों चैंबरों को खोलकर देखा गया जो खाली पाए गये। गोदाम में जब भूमिगत चार टैंकों की जांच की गई तो माप डीप रॉड डालकर ऑयल को मापा गया। पहले टैंक में 48646 लीटर, दूसरे टैंक में 45259 लीटर, तीसरे टैंक में 14510 लीटर और चौथे टैंक में 4841 लीटर केरोसिन होना पाया गया। चारों टैंकों में एक लाख 17 हजार 185 लीटर तेल मिला। जो स्टॉक रजिस्टर में दर्ज तेल से 71888 लीटर ज्यादा पाया गया।
अवैध रूप से रखा था केरोसिन स्टॉक
दर्ज मुकदमे में बताया गया कि अवैध तरीके से भूमिगत टैंकों में कालाबाजारी के लिए मिट्टी के तेल का स्टॉक किया गया था। रतिराम खूबचंद के प्रोपराइटर संजय कुमार पुत्र रामनिवास और मैनेजर विक्की कुमार द्वारा भारी मात्रा में अवैध तरीके से तेल का स्टॉक करना केरोसिन आर्डर 1962 का उल्लंघन है।
गोदाम परिसर में भूमिगत टैंकों के कुल 21 प्वाइंट हैं। प्वाइंट और दो डिस्पोसिंग यूनिटों के नोजिलों को सील किया गया है। वहीं, जब टीम ने माप डिप रॉड डालकर पहले टैंक में जांच की तो तेल शून्य बताया। उसके बाद टीम ने दोबारा से माप डिप रॉड तेजी से छोड़ी तो तेल की मात्रा का पता चला।
पुलिस की सुपुर्दगी में तेल
गोदाम में मिले टैंकर, चार भूमिगत मिट्टी के तेल के टैंकों की जिम्मेदारी थाना परतापुर पुलिस की सुपुर्दगी में दी गई है। पुलिस इस तेल को खुर्दबुर्द नहीं करेगी। कोर्ट या सक्षम अधिकारी के मांगे जाने पर पुलिस ही यथा स्थिति से अवगत कराएगी।
देर रात आयी तहरीर, विवेचना शुरू
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि एडीएम सिटी द्वारा तहरीर भिजवाई गई। उसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज विवेचना शुरू कर दी है। साक्ष्य के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।