यूपी: कोरोना मरीज को लेने गई स्वास्थ्य टीम पर हमला, दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में शनिवार को कोरोना के मरीज को लेने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम पर भीड़ ने पथराव कर दौड़ा लिया। डॉक्टर और अन्य कर्मचारी जान बचाकर भागे और सीएमओ को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मोहिउद्दीनपुर में तीन दिन पहले महिला अमत कौर की कोरोना से मौत हो गई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे परिवार की जांच कराई। जांच में पता चला कि महिला का बेटा भी कोरोना पॉजिटिव है। शनिवार को सीएचसी भूड़बराल के डॉ. मनीष टीम के साथ कोरोना संक्रमित को लेने पहुंचे। जैसे ही टीम पीड़ित को ले जाने लगी मौजूद लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला बोल दिया। टीम ने भागकर जान बचाई।
एक कर्मचारी को बंधक बनाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को भगाया। सूचना पर सीएचसी प्रभारी डॉ. ओमकार परतापुर थाने पहुंचे और घटना की तहरीर दी। परतापुर थाना प्रभारी एएसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच कर अन्य लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बेखौफ बदमाशों ने लूटा पेट्रोल पंप, फायरिंग करते हुए फरार, ऐसे दिया वारदात को अंजाम
दस दिन में दूसरा हमला
स्वास्थ्य विभाग की टीम पर दस दिन में दूसरी बार हमला हुआ है। इसके पूर्व कंकरखेड़ा क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए गई टीम पर हमला हुआ था।
स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमित मरीज को लेने गई थी। पूरे मामले की जानकारी पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। परतापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। - डॉ. अखिलेश मोहन, सीएमओ
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/