अमन हत्याकांड में सामने आई ये बड़ी बात, बदमाशों ने पहले बनाया था प्लान, फिर दिया वारदात को अंजाम
- मेरठ में व्यापारी अमन की हत्या का मामला
- व्यापारी की हत्या के मामले में सामने आई बड़ी बात
- सेंट्रल मार्केट किशोर गुट ने की कार्रवाई की मांग
विस्तार
मेरठ में सराफा व्यापारी अमन जैन की हत्या से दो दिन पूर्व बदमाशों ने उनके पिता सतीश जैन को एक अंगूठी बेची थी। इसके बहाने बदमाशों ने दुकान की स्थिति जान ली थी। मुठभेड़ में घायल बदमाश अनुज उर्फ बंटी की पहचान गुरुवार को सतीश जैन से कराई है।
जागृति विहार सेक्टर-2 में लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने आठ सितंबर को सराफा व्यापारी अमन जैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बुधवार रात मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज उर्फ बंटी निवासी कसेरू बक्सर गंगानगर को गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार को अनुज से पूछताछ की गई। उसने बताया कि वारदात करने से दो दिन पहले छह सितंबर को वह अमन जैन की दुकान पर गया था। जहां पर सतीश जैन मिले थे। जिनको एक अंगूठी बेची थी। बदमाश ने दुकान की स्थिति जानने के बाद अपने साथियों को बताया और फिर आठ सितंबर को वारदात कर दी।
12 घंटे में ठीक हो गया अनुज
मुठभेड़ के दौरान अनुज उर्फ बंटी के पैर में गोली लगी थी। लेकिन मात्र 12 घंटे में ही वह ठीक हो गया और डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी। पुलिस ने अनुज और उसके साथी तरुण ठाकुर को कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया, जबकि तीन आरोपी कपिल निवासी मुख्तियारपुर भावनपुर, अजय निवासी जिसोरा मुंडाली और जावेद काला अभी फरार हैं। तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित करने की तैयारी की जा रही है।
सेंट्रल मार्केट किशोर गुट ने की कार्रवाई की मांग
सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष किशोर वाधवा ने बताया कि उन्होंने सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के साथ हुई घटना के मामले में एडीजी से मुलाकात की है। व्यापारियों के साथ हुई हाथापाई की घटना के बारे में बताया। आरोप लगाया की सेंट्रल मार्केट में दूसरे व्यापार संघ के पक्ष के लोगों ने उनपर हमला किया। किशोर वाधवा ने कहा कि दूसरे संगठन के कुछ लोग अपराधी प्रवृत्ति के हैं। जिसमें एक के ऊपर 2006 में गोली चलाने का मुकदमा नौचंदी थाने में दर्ज हुआ था। दूसरे व्यक्ति पर वर्ष 2015 में दबंगई से दुकानें तोड़ने और 10 लाख की लूट का मुकदमा नौचंदी थाने में दर्ज है। सेंट्रल मार्केट में हुई घटना में थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बावजूद कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। किशोर वाधवा ने बताया कि एडीजी ने आश्वासन दिया है कि जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: खुल गया प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का राज, दोस्त ने ऐसे दिया था वारदात को अंजाम, ये थी बड़ी वजह
अमन जैन के पिता को सौंपा पांच लाख का चेक
जागृति विहार में कुछ दिन पूर्व हुई व्यापारी नेता अमन जैन की हत्या के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी मां के इलाज के लिए पांच लाख रुपये देने की स्वीकृति दी थी। गुरुवार को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल जागृति विहार में अमन के घर पहुंचे और उनके पिता सतीश जैन को चेक सौंपा। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर, अजय गुप्ता, कमल ठाकुर, दलजीत सिंह, विजय गांधी, जितेंद्र अग्रवाल, सतीश गर्ग, वीरेंद्र शर्मा बिल्लू, अशोक सोम, मनीष शर्मा मौजूद रहे।
अखिलेश यादव से कराई बात
सपाइयों ने अमन जैन के पिता सतीश जैन की पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फोन पर बात कराई। पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि सपा उनके साथ हैं। आर्थिक मदद भी कराई जाएगी। सपा नेता अतुल प्रधान गुरुवार को अपने कार्यकर्ताओं के साथ जागृति विहार सेक्टर-2 में सतीश जैन के घर पर पहुंचे थे।
नकदी बरामद, जेवरात नहीं
सराफा व्यापारी की दुकान से 10 लाख रुपये की नकदी और करीब पांच लाख कीमत के जेवरात लूटे थे। पुलिस बदमाशों से सिर्फ 3.70 लाख रुपये ही बरामद कर सकी। जबकि जेवरात कोई भी पुलिस को नहीं मिला। पुलिस के अनुसार बदमाश अनुज ने दुकान में 3.75 हजार नगद मिलना बताया है। सिर्फ 5000 रुपये तरुण ठाकुर ने खर्च किए है।
प्रेमिका ने कराया वारदात का खुलासा
अमन जैन के हत्यारोपियों का सुराग जेल में बंद अपराधी आकाश से मिला था। आकाश ने पुलिस को बताया था कि जागृति विहार एक्सटेंशन के पास फ्लैट में पूनम नाम की महिला रहती है। जिसके पास अक्सर बदमाशों का आना जाना है। पूनम से कुछ सुराग मिल सकता है। इस अपराधी की बातों के अनुसार पुलिस ने पूनम को पूछताछ के लिए उठाया और उसने पूरी जानकारी दे दी।
प्रेमिका के पास तीन घंटे रुका था अनुज
पुलिस ने बताया कि वारदात करने के बाद दोनों बाइक पर सवार चार बदमाश शास्त्रीनगर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के सामने से होते हुए जागृति विहार एक्सटेंशन के पास कांशीराम योजना द्वारा बने फ्लैट पर पहुंचे। जहां पर करीब तीन घंटे अनुज अपनी प्रेमिका के पास रुका था। पुलिस के अनुसार उसके बाद आरोपी सरायकाजी मार्ग से खरखौदा की तरफ मीट फैक्टरी से होते किठौर के शाहजहांपुर में पहुंच गए थे।
कपिल ने पहली और दूसरी गोली अनुज ने मारी
पूछताछ के दौरान घायल अनुज ने बताया है कि लूटपाट का विरोध करने पर सराफा व्यापारी अमन जैन ने अजय को दबोच लिया था। अजय शोर मचा रहा था तभी साथी कपिल ने अमन को गोली मारी। अमन को गोली नहीं लगी उसके बाद दूसरी गोली अनुज ने कनपटी पर सटाकर सराफा व्यापारी को मार दी। गोली लगने के बाद लोग मौके पर आ गए थे, जिसके बाद वह पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए थे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/