बेसबब: रईसजादों की रफ्तार ने ली निर्दोष की जान, आरोपी सामने था, भानु गरीब था इसलिए अज्ञात में दर्ज हुई रिपोर्ट
मेरठ के सबसे व्यवस्ततम आबूलेन मार्केट में गुब्बारे बेचकर भानू अपना गुजारा करता था। यहां रईसजादों की तेज रफ्तार कार ने उसकी जान ले ली। लोगों की भीड़ ने आरोपी को दबोच लिया, कार भी पकड़ी गई। सच पुलिस की आंखों के सामने था फिर भी अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई।
विस्तार
गरीबों की कितनी सुनवाई होती है, ये गुब्बारे बेचकर परिवार का पेट भरने वाले भानु की मौत से उजागर हो रहा है। शहर के सबसे व्यस्त मार्केट आबूलेन पर सोमवार रात गुब्बारे बेचने वाले भानु की स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से मौत हो गई।
भीड़ ने कार सवार अनुभव गोयल को सदर बाजार पुलिस के हवाले कर दिया। गाड़ी भी मौके से बरामद हो गई। इसके बावजूद सदर बाजार पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज करने के बजाय अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात में तहरीर आई इसलिए नामजदगी नहीं लिखी।
यह भी पढ़ें: UP: मालिक पाकिस्तान में, बागपत में बिक गई 80 करोड़ की जमीन, 21 लोगों को नोटिस, लखनऊ में पेशी आज
आबूलेन पर स्कॉर्पियो से कुचलकर मरने वाले युवक की पहचान मंगलवार को भानु पुत्र बच्चू सिंह गांव नारायणदास खेड़ा जिला उन्नाव के रूप में हुई। वह कंकरखेड़ा की रेलवे कालोनी में रहता था। शव की पहचान उसके बहनोई तारा सिंह ने की।
भानु की जगह कोई रसूखदार होता तो पुलिस गाड़ी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर लेती लेकिन गरीब की पैरवी करने वाला कौन होता है। ये भी तब जबकि भीड़ ने स्कॉर्पियो सवार अनुभव गोयल की पिटाई करके पुलिस के हवाले कर दिया। अनुभव शराब के नशे में था। उसने बताया था कि उसके साथ कार्तिक उर्फ कुश गुप्ता, मनिक और तनिष्क शर्मा निवासी कृष्णा वाटिका थे। सभी ने शराब पी रखी थी। हादसे के बाद वे सभी फरार हो गए।
गाड़ी के भीतर भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद हुईं लेकिन पुलिस ने आबकारी अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आईपीसी की धारा 279 और 304ए में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई जबकि शराब के नशे में आबूलेन जैसे मार्केट में इस तरह किसी को कुचलकर मार देना गैर इरादतन हत्या की श्रेणी में आता है।
सोमवार रात एक स्कॉर्पियो सदर की तरफ से होते हुए बेगमपुल की तरफ जा रही थी। स्कार्पियो चालक ने गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ा दी। सड़क से गुजर रहे तीन-चार लोगों को टक्कर मार दी। इसमें गुब्बारा बेचने वाले भानु की मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोग स्कॉर्पियो के पीछे दौड़े तो वह डिवाइडर से टकराकर रुक गई। एक आरोपी को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। उसके चार साथी भाग गए। आरोपी अनुभव गोयल के पकड़े जाने के बाद भी पुलिस ने उसको रिपोर्ट में नामजद नहीं किया।