पुलिस के सामने युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, दूसरे समुदाय के लोगों पर हत्या का आरोप, जबरदस्त हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के शामली जनपद में युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जहां पीड़ित परिजनों ने दूसरे समुदाय के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया तो वहीं एसपी अजय कुमार ने दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। होमगार्ड के निलंबन की संस्तुति उनके कमांडेंट को भेजी गई है। यह मामला लखनऊ तक पहुंच गया है और डीजीपी मुख्यालय ने भी इस मामले में अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
बता दें कि इस मामले में मंगलवार को एक वीडियो भी वायरल हुआ। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग यूपी 100 पुलिसकर्मियों के सामने ही युवक की पिटाई कर रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद ही एसपी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सिपाहियों को सस्पेंड किया है।
वहीं सोमवार रात को इस मामले में जमकर बखेड़ा हुआ था। यहां तक कि यूपी 100 पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की गई। इसके बाद रात को मामला किसी तरह शांत हुआ लेकिन, मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने ऊन झिंझाना मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया। यहां गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस एसडीएम सहित जिले के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बमुश्किल परिजनों को शांत किया।
उधर, इस मामले में दूसरे पक्ष का कहना है कि छत से गिरने पर युवक की मौत हो गई थी। लेकिन इस मामले को जबरन हत्या में तब्दील कराने की कोशिश की जा रही है। वहीं पुलिस अधिकारी गंभीरता से इस मामले की जांच में जुटे हुए है।
जानिए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम को हथछोया के एक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि राजेंद्र नाम का व्यक्ति शराब पीकर उनके घर के बाहर हंगामा कर रहा है। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और राजेंद्र को पकड़कर ले जाने लगी, लेकिन राजेंद्र पक्ष के लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी।
हंगामे के दौरान राजेंद्र भी छूटकर चला गया। यूपी 100 पुलिस भी लौट गई। सीओ कैराना के अनुसार शाम को सूचना मिली कि राजेंद्र की मौत हो गई है। झिंझाना पुलिस मौके पर पहुंची तो राजेंद्र के परिजन और अन्य ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि गांव के दूसरे समुदाय के लोगों से राजेंद्र का पिंडरो रोड तिराहे पर झगड़ा हुआ था। उन्होंने ही उसकी लाठी डंडों से पीटकर और बलकटी से काटकर हत्या की है।
सीओ कैराना राजेश तिवारी के अनुसार गांव में कई तरह की बातें लोग कर रहे हैं। ये बात भी सुनने को मिली है कि यूपी 100 पुलिस के जाने के बाद युवक की छत से गिरने से मौत हुई है, लेकिन मृतक के परिजन दूसरे समुदाय के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, उनकी तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/