देवबंदी उलमा बोले- बापू के पुतले पर गोली चलाने वाले सबसे बड़े दहशतगर्द
अलीगढ़ में अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले पर गोली चलाने और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे के नारे लगाने को लेकर उलमा ने सख्त नाराजगी जताई है। उलमा का कहना है कि इनसे बड़ा दहशतगर्द और कौन हो सकता है। सरकार को चाहिए कि वह ऐसी संस्थाओं पर तुरंत प्रतिबंध लगाए और उनके कार्यालयों को बंद करा दे।
इत्तेहाद उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना कारी मुस्तफा ने कहा कि अलीगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पुतला बनाकर उस पर गोली चलाना, मिट्टी तेल छिड़ककर उसमें आग लगाना और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे के अमर रहे के नारे लगाना एक घिनौनी हरकत है। उन्होंने साफ कहा कि हिंदू महासभा के लोग सबसे बड़े दहशतगर्द हैं, जो राष्ट्रपिता के हत्यारे के नारे लगा रहे हैं।
वहीं कारी मुस्तफा ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और चिह्नित कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भिजवाएं और देश विरोधी कार्य करने वाले इस संगठन पर बैन लगाकर इसके तमाम कार्यालयों को बंद कराए।
उन्होंने कहा कि इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या होगा कि जिस देश को आजाद कराने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आंदोलन चलाए और बड़ी बड़ी कुर्बानियां दी उसी देश के अंदर उनके पुतले के साथ इस प्रकार की घिनौनी हरकत का होना यह दर्शाता है कि हिंदू महासभा जैसे संगठन देश विरोधी कार्य कर यह साबित कर रहे हैं कि उन्हें कानून का जरा भी डर नहीं है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/