यूपी: मुठभेड़ में दबोचा गया 25 हजार का इनामी बदमाश, दुष्कर्म के मामले में चल रहा था वांछित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद में सोमवार देर रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने इस दौरान बदमाशों की घेराबंदी कर 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोच लिया। जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात पचेंडा रोड बाईपास पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विशाल को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़ा गया बदमाश डेढ़ साल पहले जिला चिकित्सालय से पुलिस को चकमा देकर कस्टडी से फरार हो गया था, तभी से वह वांछित चल रहा था। वह दुष्कर्म के मामले में भी फरार था।
नई मंडी इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि सोमवार देर रात दस बजे ट्रांसपोर्टनगर चौकी प्रभारी सुखबीर सिंह पुलिस बल के साथ नेशनल हाईवे पर वाहनों की चेंकिंग कर रहे थे, तभी भोपा रोड की ओर से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए, जो पुलिस को देख कर हाईवे पर मुड़ गए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवारों ने पुलिस पर फायर किया और बाईपास हाईवे पर पचेंडा की ओर भाग खड़े हुए। पुलिस ने पीछा किया और पचेंडा पुलिया के पास घेर लिया। इस पर बदमाशों ने फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक बदमाश पैर में गोली लगने से बाइक समेत गिर गया, जबकि उसका साथी ईख के खेत में घुस कर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: मेरठ छेड़छाड़ मामला: पीड़िता ने कहा- ऐसे दरिंदों को नहीं जीने का हक, इन्हें मुठभेड़ में मार दो
पुलिस ने गोली लगे बदमाश को दबोच लिया। जिसने अपना नाम विशाल पुत्र राकेश निवासी तुलसीनगर नई मंडी बताया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद की। नई मंडी इंस्पेक्टर ने बताया कि विशाल एक किशोरी से दुष्कर्म और पॉक्सो के मामले में वांछित चल रहा था। नई मंडी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और जेल भेजने से पहले 15 सितंबर 2018 को पुलिस उसे डॉक्टरी कराने के लिए जिला चिकित्सालय लेकर गई थी। जहां से वह हथकड़ी से हाथ निकल कर पुलिस को चकमा देकर पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार हुआ इसका साथी कृष्णापुरी निवासी पप्पू बताया गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/