यूपी: तबादला आदेश से कहीं ठप न हो जाए बिजली आपूर्ति! हाथ में काली पट्टी बांधकर विरोध शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपीपीसीएल द्वारा 15 साल से एक ही डिस्कॉम में जमें अभियंताओं के तबादले का आदेश बिजली आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है। आदेश को अव्यवहारिक बता रहे अभियंताओं ने हाथ में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि आदेश शासन की तबादला नीति के विरुद्ध है। कॉरपोरेशन अगर आदेश वापस नहीं लेता है तो अभियंता हड़ताल पर भी जा सकते हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति लड़खड़ाने की आशंका है।
उप्र पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने शासन की तबादला नीति से इतर स्थानांतरण विषयक आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक एक ही डिस्कॉम (बिजली कंपनी) में 15 साल या इससे अधिक समय से जमे सहायक अभियंताओं से लेकर मुख्य अभियंता तक का तबादला डिस्कॉम से बाहर किया जाना है। अन्य डिस्कॉम में पांच साल न्यूनतम तैनाती के बाद ही उसका तबादला पहले वाली डिस्कॉम में हो सकेगा। पावर कॉरपोरेशन के इस आदेश की जद में प्रदेश की केस्को समेत अन्य चार बिजली कंपनियों पीवीवीएनएल, डीवीवीएनएल, मध्यांचल और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के करीब 200 अभियंता आ रहे हैं।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक इन अभियंताओं की उम्र 50 साल के करीब है और सभी कंपनी क्षेत्र के तहत आने वाले शहरों में सेटल हो चुके हैं। अभियंताओं का कहना है कि शासन की तबादला नीति के तहत तीन साल के बाद अधिकारियों के तबादले होते रहे हैं। लेकिन यूपीपीसीएल ने शासन से इतर तबादला आदेश लाकर परेशानी पैदा कर दी है। तबादले के बाद 200 से ज्यादा अधिकारियों को इधर से उधर चार्ज लेने में समय लगेगा। विभागीय सूत्रों के मुताबिक कुछ अधिकारी मेडिकल लीव पर भी जा सकते हैं।
आंदोलन का दिया नोटिस
उप्र राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ ने यूपीपीसीएल की तबादला नीति के विरोध में आंदोलन का नोटिस दिया है। संघ के महासचिव राजीव कुमार सिंह की तरफ से यूपीपीसीएल चेयरमैन के नाम दिए गए ज्ञापन में तबादला आदेश वापस लेने की मांग की गई है। बुधवार से काली पट्टी बांधकर एक से दो घंटे कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। 20 जून तक 72 घंटे में तब्दील हो जाएगा।
टीए पर दो करोड़ का खर्च
अभियंताओं का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों के तबादले पर विभाग को करीब दो करोड़ रुपये टीए में खर्च करने होंगे। एक अभियंता का टीए करीब एक लाख बैठेगा। 200 अभियंताओं पर टीए खर्च दो करोड़ होगा।
कई अधिकारी बदले
यूपीपीसीएल निगम डिवीजन-प्रथम के अधिशासी अभियंता रवि कुमार अग्रवाल को डिवीजन-प्रथम गाजियाबाद का अधीक्षण अभियंता बनाया गया है। रवि की जगह मेरठ में तैनात अधिशासी अभियंता जेके गुप्ता लेंगे। द्वितीय डिवीजन पर प्रवीण कुमार को मेरठ ऑफिस से अटैच किया गया है। पंचम खंड के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार का भी तबादला किया गया है। सेकेंड डिवीजन में तैनात प्रवीण कुमार को मेरठ में एमडी ऑफिस से अटैच किया गया है। डिवीजन-5 में तैनात कृष्ण कुमार सारस्वत को दादरी के अधिशासी अभियंता की जिम्मेदारी दी गई है जबकि दादरी में तैनात अधिशासी अभियंता निशांत नवीन को डिविजन फाइव का अधिशासी अभियंता बनाया है। यह जानकारी मुख्य अभियंता राकेश कुमार राणा ने दी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/