दिल्ली पुलिस की अभिरक्षा से फरार हुआ बंदी, सामने आई खाकी की ये बड़ी लापरवाही
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित होटल से बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस की अभिरक्षा से धोखाधड़ी का आरोपी बंदी शौचालय जाने का बहाना कर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। दिल्ली पुलिस बंदी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर रिकवरी के लिए देहरादून जा रही थी। दिल्ली पुलिस पहले गुपचुप बंदी को तलाश करती रही और उसके न मिलने पर 14 घंटे बाद खतौली पुलिस को घटना की जानकारी दी। गुरुवार की देर रात इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि नितिन नागपाल के खिलाफ एसआई विजय दत्त ने खतौली थाने में फरारी का मुकदमा दर्ज कराया है।
नई दिल्ली के लक्ष्मीनगर थाने की पुलिस ने बुधवार को धोखाधड़ी के मामले में जेल में बंद नितिन नागपाल नामक बंदी को तीन दिन के कस्टडी रिमांड पर लिया था। दिल्ली पुलिस की एक टीम उक्त बंदी को लेकर रात रिकवरी के लिए देहरादून जा रही थी। तड़के करीब चार बजे पुलिस टीम बंदी को लेकर हाईवे स्थित एक होटल पर चाय पीने के लिए रुकी थी। वहां बंदी ने दिल्ली पुलिस से बाथरूम जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वहां से रफूचक्कर हो गया। पुलिस टीम बंदी के दिल्ली लौटकर जाने की आशंका में वापस दिल्ली पहुंची, लेकिन वहां घंटों तक बंदी अपने ठिकानों पर नहीं पहुंचा, जिस पर दिल्ली पुलिस की टीम शाम करीब छह बजे खतौली कोतवाली पहुंची और पुलिस को बंदी के अभिरक्षा से फरार होने की सूचना दी।
वहीं बंदी के भागने की जानकारी मिलने के बाद सीओ आशीष प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने टीम के साथ अलकनंदा होटल पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की। बंदी की तलाश में टीम गठित कर जंगलों में कांबिंग भी की गई, लेकिन देर रात तक बंदी का सुराग नहीं लग पाया था।
हर कदम पर सामने आई दिल्ली पुलिस की लापरवाही
गुरुवार तड़के करीब चार बजे धोखाधड़ी के आरोपी बंदी के अभिरक्षा से फरार होने के मामले में दिल्ली पुलिस की हर कदम पर लापरवाही सामने आई है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि जांच में सामने आया है कि दिल्ली पुलिस ने बंदी को हथकड़ी नहीं लगाई थी। इस संबंध में जनपद पुलिस को भी नियमानुसार बंदी को लेकर उत्तराखंड जाने की सूचना नहीं दी गई।
वहीं, बंदी के भागने के करीब 14 घंटे बाद खतौली पुलिस को सूचना दी गई है। एसएसपी ने बताया कि दिल्ली पुलिस टीम द्वारा बंदी के भागने की तहरीर दी जा रही है, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराकर बंदी की तलाश की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/