यूपी: एयरफोर्स कर्मचारी से 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया लेखपाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में पौने छह बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराने के नाम पर एयरफोर्स कर्मचारी से बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते सदर तहसील के लेखपाल को एंटी करप्शन विभाग की टीम ने रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी लेखपाल से रिश्वत में लिए गए केमिकल लगे नोट भी बरामद कर लिए गए हैं। जिसके खिलाफ कार्रवाई के लिए देर रात तक लिखापढ़ी की जा रही थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना निवासी रॉबिन पुत्र देवेंद्र एयरफोर्स के टेक्निकल डिपार्टमेंट में आरक्षी है। रॉबिन ने बताया कि उनकी गांव लकड़संधा में पौने छह बीघा जमीन है। जिस पर उसी गांव के कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। रॉबिन विगत 23 अप्रैल को 20 मई तक के लिए छुट्टी पर आया था। छुट्टी आने के बाद रॉबिन ने विगत चार मई को मुख्यमंत्री के जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके अगले दिन पांच मई को रॉबिन ने एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र से मामले की शिकायत की। इसके दो दिन बाद वह सदर तहसील के गांव लकड़संधा के हलका लेखपाल सुनील पुत्र सेवाराम निवासी मोहल्ला कृष्णापुरी से मिला, जिसने रॉबिन की शिकायत पर कार्रवाई के लिए उसे दो दिन बाद का समय दिया।
पीड़ित एयरफोर्स कर्मी का कहना है कि दो दिन बीतने पर लेखपाल सुनील उनके पीनना स्थित घर पर पहुंचा। जहां उसने जमीन कब्जामुक्त कराने के नाम के ऐवज में 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की, जिनमें से 20 हजार पहले व दस हजार काम हो जाने के बाद देने को कहा गया। लेखपाल ने रॉबिन को 15 मई को रुपये लेकर आने के लिए कहा। लेखपाल के रवैये से क्षुब्ध होकर रॉबिन ने मेरठ में एंटी करप्शन विभाग को मामले से अवगत कराया। जिन्होंने उसे दो-दो हजार के केमिकल लगे दस नोट देकर लेखपाल को रिश्वत में देने के लिए कहा। लेखपाल सुनील ने गुरुवार को रॉबिन को फोन कर शाम सात बजे रुपये लेकर शहर में काली नदी पुल पर आने के लिए कहा। इसकी जानकारी रॉबिन ने एंटी करप्शन टीम को दी। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के नेतृत्व में दो टीमें शहर में पहुंच गईं। काली नदी पुल के पास जैसे ही लेखपाल ने रॉबिन से रिश्वत के 20 हजार वसूले, एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। उसके कब्जे से केमिकल लगे दो-दो हजार के दस नोट भी बरामद कर लिए। इसके बाद एक टीम लेखपाल को लेकर शहर कोतवाली पहुंची, जबकि दूसरी टीम ने कृष्णापुरी स्थित लेखपाल के घर पहुंचकर जांच की। देर रात तक शहर कोतवाली में आरोपी लेखपाल से पूछताछ की जा रही थी।
ये रहे एंटी करप्शन टीम में शामिल
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार, इंस्पेक्टर चंद्रभान शर्मा, इंस्पेक्टर कुंवरपाल सिंह, इंस्पेक्टर शिवराज सिंह, आरक्षी राजवीर व शारदा देवी।
एंटी करप्शन विभाग मेरठ से आई टीम के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि एयरफोर्स कर्मचारी ने विगत 13 मई को उनसे लेखपाल सुनील पुत्र सेवाराम द्वारा जमीन कब्जामुक्त कराने के ऐवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। गुरुवार शाम लेखपाल ने पीड़ित को रुपये देने के लिए बुलाया था, जिसे रंगेहाथ पकड़ा गया है। लेखपाल के कब्जे से केमिकल लगे व पहले से नंबर नोट किए हुए दो-दो हजार के दस नोट भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी लेखपाल से पूछताछ की जा रही है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/