Meerut: खरखौदा में बोरे में बंद महिला का शव मिलने से सनसनी, शरीर पर नहीं था कोई कपड़ा, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ के खरखौदा में बिजली बंबा चौकी क्षेत्र में बोरे में बंद अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। बताया गया कि महिला का शव नग्न अवस्था में मिला है। पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी है।
विस्तार
जानकारी के अनुसार बिजली बंबा चौकी क्षेत्र के जमना नगर क्षेत्र में गैस गोदाम वाली गली के पास रविवार सुबह नाले के किनारे कुछ राहगीरों ने एक संदिग्ध बोरा देखकर पुलिस को सूचित किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया।
डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर बोरे को खोला तो उसमें एक महिला का शव मिला। बताया गया कि शव 30 वर्षीय महिला का है, जो बोरे में पूरी तरह से नग्न अवस्था में बंद था। प्रथम दृष्टया जांच में मृतक महिला के गले पर कई निशान मिले हैं।
उधर घटनास्थल के पास में ही मकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति सिर पर बोरा रखकर सुबह करीब 5:00 बजे आता दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस के अनुसार नजदीक ही बने एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो सामने आया कि एक व्यक्ति बोरे को ले जाता और रखता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि शव मिलने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।