UP: मेरठ की धरती पर 17 साल बाद चलेगा हॉकी का जादू, एक से 5 मार्च तक होगी राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता
मेरठ में 1 मार्च से 15 मार्च तक कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पहली बार राष्ट्रीय महिला हॉकी का मुकाबला होने जा रहा है। इसे लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की 13 टीमें शामिल होंगी।
विस्तार
मेरठ की धरती पर 17 साल बाद फिर हॉकी का जादू चलेगा। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में नवनिर्मित हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान बनने के बाद जिले में पहली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है। उत्तर प्रदेश खेल विभाग द्वारा 1 मार्च से 5 मार्च तक राष्ट्रीय महिला हॉकी प्राइजमनी प्रतियोगिता कराने जा रहा है। रविवार को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी योगेंद्रपाल सिंह ने प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के अलग अलग राज्यों की 13 टीमें शामिल होंगी, जिनके बीच 19 मैच होंगे, 15 लीग मैच, 2 सेमीफाइनल व तीसरे नंबर के लिए एक मैच और अंत में फाइनल होगा। प्रतियोगिता में करीब सौ खिलाड़ी राष्ट्रीय और 20-25 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: समाज के दो रंग: एक ने बुलेट के लिए तोड़ दी शादी तो दूसरे ने दुल्हन को माना दहेज, मेहमानों ने गाया राष्ट्रगान
भारतीय हॉकी टीम को सदस्य वंदना कटारिया, रानी रामपाल सहित कई महिला खिलाड़ी शामिल हो सकती हैं। विजेता को 2 लाख और उपविजेता को 1 लाख रुपये वितरित होंगे। भारतीय हॉकी संघ के 12 तकनीकी अधिकारी प्रतियोगिता कराएंगे। मेरठ में पहली बार खेल विभाग राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता हो रही है। हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान संचालित होने के बाद यह पहली राष्ट्रीय प्रतियोगिता होने जा रही है।
मोदी गोल्ड व कुबेर कप खेले गए
मेरठ के पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी करन नय्यर ने बताया कि 1988 से 2005 तक लगातार मोदी गोल्ड कप व कुबैर कप कैलाश प्रकाश स्टेडियम में हुए। इसमें इंडियन एयरलाइंस, नॉर्दन रेलवे, सीआरपीएफ, बीएसएफ सहित अन्य बड़ी हॉकी टीमें प्रतिभाग करतीं थी। लेकिन उस समय हॉकी का बोलबाला पूरी दुनिया में था। अच्छी बात है इतने सालों बाद मेरठ में राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है।
ये 13 टीमें करेंगी प्रतिभाग
पानीपत की प्रीतम सिवाच एकेडमी, नई दिल्ली बड़ौदा हाउस नार्दन रेलवे, पश्चिम बंगाल की भवानी एकेडमी, लखनऊ की एसएसबी एकेडमी, मध्य प्रदेश की स्टील प्लांट भिलाई, नई दिल्ली सेंट्रल सिविल सर्विसेज, हरियाणा आजाद सिंह मलिक हिसार, लखनऊ साई सेंटर, लखनऊ छात्रावास, उप्र गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज, हरियाणा सोनीपत की एचएफबी, मध्य प्रदेश भोपाल साई सेंटर, मध्यप्रदेश हॉकी।