मर्डर: खून का बदला खून... डेयरी संचालक को गोलियों से भूना, इलाके में फैली सनसनी
मेरठ के सरधना क्षेत्र में बुधवार को एक डेयरी संचालक की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि हत्यारोपियों ने डेयरी संचालक को फोन पर कॉल करके बुलाया था। वह पांच दिन पहले ही हत्या के मामले में जमानत पर जेल से छूटकर आया था। दोनों पक्षों में तनाव के चलते मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
मोहल्ला घोसियान निवासी इरफान (35) पुत्र शेरू डेयरी संचालक था। उसका हाजी बबलू पक्ष के बीच मोहल्ला घोसियान में 50 गज के प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। करीब सात-आठ माह पूर्व पंचायत में दोनों पक्षों में सुलह कराने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्लॉट पर कब्जे को लेकर बीती 22 अप्रैल को 50 वर्षीय हाजी बबलू की हत्या कर दी गई थी। उसी समय बबलू पक्ष के लोगों ने शव उठने से पहले ही पुलिस के सामने ऐलान कर दिया था कि हत्या का बदला हत्या से लिया जाएगा। हाजी बबलू मर्डर के बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव एवं फायरिंग हुई थी। बंद मकानों में लूटपाट एवं तोड़फोड़ की गई। आरोपी पक्ष के लोग घरों से पलायन कर गए। डेयरी में बंधे कई पशुओं की भूख से मौत हो गई थी। घटना के बाद मौके पर पुलिस और पीएसी का पहरा रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया था।
बता दें कि पांच दिन पूर्व बबलू मर्डर केस में आरोपी इरफान जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसे बुधवार सुबह कॉल करके बबलू के भाइयों ने एक निर्माणाधीन मकान में बुलाया। वहां सुबह करीब पौने दस बजे उसकी गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। इस दौरान गोलियों चलने से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। इरफान की हत्या की जानकारी देने के करीब 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। डेयरी संचालक इरफान के परिजनों ने पुलिस को घेर कर हंगामा कर दिया। पुलिस ने यह कहकर इरफान के शव को हटवाया कि अभी सांसें चल रही हैं। इसके बाद डेयरी संचालक को अस्पताल ले जा गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पाकर एसपी देहात राजेश कुमार, एसडीएमा अमित कुमार, सीओ सरधना संतोष कुमार, इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
12 लोगों पर हत्या का केस दर्ज
एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि डेयरी संचालक की पत्नी आयशा की तहरीर पर सोनिया, वकील, मुन्ना, अकबर उर्फ भोल्लड़, अमर, गुल्लु, उमर, उबैद, सोदू, खलील, आसिफ एवं एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। आयशा ने बताया कि उसका पति इरफान बुधवार सुबह घर पर था। इसी दौरान अकबर एवं सोनिया का फोन आया और कहा कि तुझसे जरूरी बात करनी है। इस पर इरफान वहां पहुंचा तो उसकी गोली बरसाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/