एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी, मेरठ में शिक्षक सीट पर भाजपा ने बनाई अच्छी बढ़त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे से शुरु हो गई। इससे पहले 6:30 पर स्ट्रांग रूम खोले गए थे। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रजनीश राय ने बताया कि स्ट्रांग रूम खोले जाने के दौरान प्रत्याशियों से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि मतपेटी कताई मिल स्थित स्ट्रांग रूम में पुलिस अभिरक्षा में रखी गईं थीं।
कोविड प्रोटोकॉल के बीच निर्धारित टेबल पर मतपेटियों को खोलने का काम शुरू हो गया है। सुबह जिलाधिकारी के. बालाजी की मौजूदगी में मतगणना की कार्यवाही शुरू हुई। जिलाधिकारी के अलावा ऑब्जर्वर समीर वर्मा भी यहां मौजूद है। इसके अलावा सभी प्रत्याशियों के एजेंट मतगणना स्थल पर दिखाई दे रहे हैं।
शिक्षक सीट पर ही अभी तक मतगणना हुई है जिसमें शुरुआती रुझान में भाजपा के सृजन शर्मा को 187 और शिक्षक संघ के ओम प्रकाश शर्मा डॉक्टर उमेश त्यागी को 88- 88 वोट मिले हैं। ऐसे में शुरुआत में ही भाजपा ने अच्छी बढ़त दिखा कर चुनाव परिणाम का संकेत देने का प्रयास किया है।
पहले राउंड में भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने बनाई बड़ी बढ़त
- 7000 मतों में से प्राप्त किये 2854 मत
- ओमप्रकाश शर्मा को 894 तो उमेश त्यागी को मिले 718 मत
सभी राजनीतिक दलों के कैंप भी कताई मिल मुख्य मार्ग पर मतगणना स्थल से निर्धारित दूरी पर बने हैं। प्रशासन की ओर से कैंप बनाए गए हैं, जिनमें मेडिकल कैंप कोविड-19 कैंप के अलावा पुलिस कैंप भी बनाया गया है। संभावना जताई जा रही है कि देर शाम तक मतपेटियों को खोल कर मतपत्रों को अलग-अलग करने का काम होगा।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा प्रभारी/एसपी ट्रैफिक एके श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि मतगणना स्थल को कड़े सुरक्षा पहरे में रखा गया है। यहां तीन एडिशनल एसपी, सात सर्किल अफसर/सीओ, सात थाना प्रभारी के अलावा 25 दरोगा, 250 पुलिस कांस्टेबल, 50 महिला पुलिस कांस्टेबल, एक बटालियन पीएसी, एक बटालियन आरएएफ, एलआईयू टीम के अलावा फायर ब्रिगेड भी तैनात है।
कताई मिल में चल रही एमएलसी मतगणना का ऑब्जर्वर समीर वर्मा के साथ मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने निरीक्षण किया। वह हॉल नंबर-1 में पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी के. बालाजी, एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी डॉक्टर अखिलेश नारायण सिंह, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
फर्जी मतदान का आरोप
एमएलसी प्रत्याशी डॉ. हरविंदर कुमार ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर मांग की कि मतगणना के दौरान किसी भी राजनीतिक दल को न बुलाया जाए। विशेषकर भाजपा के विधायक, सांसद, मंत्री व पार्टी पदाधिकारियों को अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि ब्लॉक दौराला पर बूथ संख्या 36 पर फर्जी मतदान हुआ। अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया।
शिक्षक संघ ने भाजपा विधायक के खिलाफ खोला मोर्चा
माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सिवालखास विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बुधवार को कमिश्नरी पर धरना देकर मंडलायुक्त से रिपोर्ट दर्ज कर विधायक पर कार्रवाई किए जाने की मांग की। उनका आरोप है कि विधायक जितेंद्र सतवाई ने स्नातक व शिक्षक चुनाव में मतदान के दौरान जानी में शिक्षकों से मारपीट कर बूथ कैप्चरिंग का प्रयास किया।
उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। यदि निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो चार दिसंबर से आंदोलन किया जाएगा। यहां प्रांतीय उपाध्यक्ष उमेश त्यागी, प्रांतीय मंत्री सुशील सिंह, अरुण पाल आत्रेय, रवींद्र, संजय शर्मा, संदीप शर्मा, सुखनंदन त्यागी, विजेंद्र ध्यानी आदि रहे।