मेरठ: ऑयल डिपो में दबे टैंकों की होगी खुदाई, कुछ और तेल माफिया प्रशासन के रडार पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में रतिराम खूबचंद ऑयल डिपो के भूमिगत टैंकों की खुदाई आज की जाएगी। रविवार को अवकाश के कारण प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे स्थगित कर दिया। देर शाम एडीएम सिटी ने ऑयल डिपो पहुंचकर निरीक्षण किया और कैमरों व सील आदि की जांच की। जिसमें सब सही पाया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के कारण टैंक नहीं खोदे जा सके। आज आईओसी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में टैंक खुदाई का काम किया जाएगा। गहनता से जांच कराने के साथ आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें: यूपी: केरोसिन के अवैध स्टॉक से हिला तंत्र, सीएम तक पहुंचा मामला, पुलिस अब भी प्रशासन से दो कदम पीछे
तेल कारोबारियों में खलबली
रतिराम खूबचंद शहर की सबसे प्रतिष्ठित कारोबारी फर्म है। शनिवार को इस फर्म पर हुई छापेमारी और कार्रवाई के बाद तमाम तेल कारोबारियों के साथ ही व्यापारियों में भी हड़कंप मचा है। क्योंकि रतिराम खूबचंद फर्म के मालिक संजय कुमार जिनका अध्ययन स्कूल भी है, शहर के जाने-माने कारोबारी और प्रतिष्ठित लोगों में गिने जाते हैं। ऐसे में उनकी फर्म पर कार्रवाई होना सभी को चौंका रहा है।
यह भी पढ़ें: नकली पेट्रोल-डीजल का खेल: जमीन के नीचे टैंकों में दबा था गरीबों के घर रोशन करने वाला तेल
दो और तेल कारोबारी प्रशासन के रडार पर
मिलावटी तेल के काले कारोबार को लेकर पुलिस और प्रशासन के सख्त रवैये ने तेल कारोबारियों में बेचैनी पैदा कर दी है। करीब तीन दशक से चल रहे इस अवैध कारोबार पर अभी तक पुलिस ने कार्रवाई तो की, लेकिन इक्का दुक्का बार टैंकर आदि पकड़ने तक ही यह कार्रवाई सीमित रही।
इस बार जिस तरह पुलिस ने 20 अगस्त को मिलावटी तेल की पोल खोली और उसके बाद लगातार पुलिस मिलावटी तेल के कारोबार से जुड़े लोगों की कुंडली खंगाल रही है, वह सभी को चौंका रहा है। ऊपर से शनिवार को प्रशासनिक स्तर से भी शुरू हुई कार्रवाई ने खलबली पैदा कर दी है।
प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो अवैध तेल के कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के बाद लगातार गोपनीय सूचनाएं आ रही हैं। ऐसी एक सूचना के आधार पर जहां शनिवार को रतिराम खूबचंद ऑयल डिपो पर छापा मारा गया, तो अब दो और तेल कारोबारी प्रशासन के रडार पर हैं। जिनके बारे में गोपनीय सूचनाएं मिल चुकी हैं। कभी भी इन दोनों पर भी प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई हो सकती है।