एमएलसी चुनाव : मतगणना जारी, आज होगा शिक्षक और स्नातक सीट के 18 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों की मतगणना 27 अक्तूबर को मोदीपुरम कृषि विश्वविद्यालय में सुबह सात बजे शुरू हुई। दोनों सीटों पर 18 उम्मीदवार मैदान में हैं।
विस्तार
मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक व स्नातक एमएलसी सीटों के लिए मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम में सुबह सात बजे मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई। मतगणना के दौरान दोनों सीटों के 18 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। अंतिम परिणाम आने तक मतगणना लगातार जारी रहेगी।
23 अक्तूबर को हुए मतदान के दौरान स्नातक एमएलसी सीट पर मेरठ-सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में 35.81 प्रतिशत (46053 मतदाताओं) मतदान हुआ था, जबकि शिक्षक सीट पर 57.64 प्रतिशत (31200) मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसके बाद मतपेटियों को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में बने स्ट्रांग रूम में रखवाया गया।
मतगणना के लिए प्रशासन ने पहले ही तैयारियां पूरी कर ली थी। निर्वाचन अधिकारी मेरठ मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी लगातार मतगणना की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। सुबह सात बजे चुनाव एजेंटों की उपस्थिति में मतपेटियां खोली गईं। इसके बाद मतपत्रों के बंडल बनाए जाएंगे और मतगणना शुरू हो गई।
चुनाव मैदान में है 18 उम्मीदवार
शिक्षक सीट पर भाजपा उम्मीदवार व वर्तमान एमएलसी श्रीचंद शर्मा, सपा उम्मीदवार डॉ. नितिन तोमर, माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के डॉ. सुशील पुंडीर, ठकुराई गुट के सुशील चौधरी, कुलदीप मलिक, तनुज गंभीर, स्वराजपाल, बाकिर हुसैन, पंकज कुमार, सुशील, हरकेश सिंह चुनाव मैदान में है।
इसी तरह से स्नातक सीट पर भाजपा के उम्मीदवार व वर्तमान एमएलसी दिनेश गोयल, सपा के प्रमेन्द्र भाटी एडवोकेट, माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के अमित कुमार जैन, ठकुराई गुट के राहुल कुशवाहा, विक्रांत वशिष्ठ एडवोकेट, विजय कुमार त्यागी, दुष्यंत, मोहम्मद अकरम रजा चुनाव मैदान में हैं।