जगी आस: जमीन पर उतरेंगी परियोजनाएं, रफ्तार भरेगा मेरठ, साल 2024 पहले शहर को जाममुक्त करने की कवायद
कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने आज छह विभागों की बैठक बुलाई है। इसमें शहर को जाम मुक्त करने के लिए प्रोजेक्ट पर विस्तार से विभागों के अधिकारी प्रेजेंटेशन देंगे। पूर्व में जो योजनाएं बनी थी, उनके अब जमीन पर उतरने की कवायद एक बार फिर शुरू की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज से 20 साल पहले शहर को जाम मुक्त करने के लिए जो परियोजनाएं बनाई गई थीं, उनके अब जमीन पर उतरने की कवायद एक बार फिर शुरू की गई है। उम्मीद जगी है कि अब इन परियोजनाओं पर तेजी से कार्य होगा और जाम से मुक्त होकर शहर रफ्तार भरेगा।
महायोजना-2021 में शहरवासियों के लिए कई परियोजनाओं को शामिल किया गया, लेकिन अब तक यह सब सिर्फ फाइलों में ही दौड़ रही हैं। जाम सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। मेट्रो, सैटेलाइट बस अड्डे, बच्चा पार्क से जली कोठी तक एलीवेटेड रोड और इनर रिंग रोड पर कार्य शुरू होने का इंतजार है।
सैटेलाइट बस अड्डे बनाने के स्थान हो चुके तय
महायोजना-2021 में ही शहर के चारों कोनों पर सैटेलाइट बस अड्डे बनाने के स्थान तय हैं। इसके बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। हाल ही में आठ महीने पहले भी कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने सैटेलाइट बस अड्डों के लिए स्थान चिह्नित करने के लिए अधिकारियों की समिति बनाई थी, लेकिन कोई भी प्लान धरातल पर नहीं आ सका।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला अभियान स्वास्थ्य: शाबाश! मेरठ में 80 प्रतिशत किशोरों ने लगवाई वैक्सीन, 241526 को टीका लगाने का रखा गया है लक्ष्य
इनर रिंग पर रोड पर आज लिया जा सकता है निर्णय
शहर के यातायात को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए इनर रिंग रोड का ही सहारा है। एमडीए ने मवाना रोड से किला रोड को दो किमी की सड़क बनाकर तैयार कर दी है, लेकिन इसके आगे जागृति विहार से हापुड़ रोड, हापुड़ रोड से दिल्ली रोड, दिल्ली रोड से एनएच-58 मार्ग को बनाने पर कार्य नहीं हो सका। किसानों से जमीन अधिग्रहण पर वार्ता न होने के चलते बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक पर रेलवे द्वारा बनाया गया पुल 11 वर्षों से हवा में लटका है।
मेट्रो चलाने की प्रक्रिया फिर हुई शुरू
साल 2017 में सपा सरकार में मेरठ में कंकरखेड़ा से गोकलपुर तक मेट्रो चलाने के लिए बात शुरू हुई थी। एमडीए में इसके लिए मेट्रो सेल भी बनाया गया, लेकिन पांच साल तक इसकी फाइल आगे नहीं बढ़ सकी। अब एक बार फिर बात शुरू हुई है। पिछले महीने शासन में आवास एवं शहरी नियोजन की ओर से एमडीए को दोबारा से 15 किमी. में लाइट मेट्रो कॉरिडोर की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। एमडीए उपाध्यक्ष ने रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) की टीम को मेरठ बुलाया है।
मेरी पहली प्राथमिकता इनर रिंग रोड
इस बार इनर रिंग रोड निकलवाना ही लक्ष्य है। वर्ष 2024 से पहले पूरी कोशिश रहेगी की इस पर कार्य शुरू कराएं। - सोमेंद्र तोमर, ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा स्त्रोत राज्यमंत्री
अधिकारियों से बैठकर कराएंगे हल
विभागों में ही समन्वय की कमी नजर आती है। शहर में फ्लाईओवर सहित अन्य विकास कार्य के लिए कार्ययोजना अधिकारियों के साथ बैठकर बनवाएंगे। -अमित अग्रवाल, कैंट विधायक
शहर को जाम मुक्त करने के लिए छह विभागों की बैठक आज
कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने आज छह विभागों की बैठक बुलाई है। इसमें शहर को जाम मुक्त करने के लिए प्रोजेक्ट पर विस्तार से विभागों के अधिकारी प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें एमडीए, नगर निगम, प्रशासन, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक पर अधूरे फ्लाईओवर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पांचवें चरण का कार्य हापुड़ रोड से गाजियाबाद तक, जली कोठी से बच्चा पार्क तक एलीवेटेड सड़क के निर्माण पर बैठक में जवाबदेही तय की जाएगी।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
बैठक से पहले बुधवार को एमडीए उपाध्यक्ष मृदुल चौधरी के नेतृत्व में सचिव चंद्रपाल तिवारी, नगर नियोजक विजय कुमार सिंह ने मवाना रोड से लेकर शताब्दीनगर तक इनर रिंग रोड तक के हिस्से का निरीक्षण किया। सरायकाजी में बन रहे प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य योजनाओं का भी निरीक्षण किया गया।
विकास में हमेशा साथ
हमारी पार्टी ने हमेशा सरकार में रहते हुए विकास किया है। मैं भी शहर के विकास के कार्य में अपना समर्थन देता हूं। -रफीक अंसारी, शहर विधायक
वर्षों गुजर गए अब तो सड़क से जुड़ जाए पुल
बिजली बंबा बाईपास शहर की लाइफ लाइन बन गया है। इस पुल के जुड़ने के बाद यातायात में सबसे बड़ी राहत मिलेगी। - अनुज शर्मा, शास्त्रीनगर
शहर को जाम मुक्त करने की जरूरत
एक्सप्रेस वे, रैपिड रेल से शहर प्रगति करेगा लेकिन अंदर के यातायात को जाम मुक्त करने के लिए कार्य करने की जरूरत है। - डॉ. ब्रजभूषण, संरक्षक, संयुक्त व्यापार संघ