Meerut Crime News: साइबर ठगी में इस्तेमाल 650 मोबाइल पहली बार होंगे बंद, पहले सिर्फ सिमकार्ड होते थे बंद
मेरठ में साइबर सेल की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। यहां साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए 600 से ज्यादा मोबाइल बंद किए जाएंगे। अब तक केवल सिमकार्ड को ही बंद किया जाता था।
विस्तार
साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए साइबर सेल की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। अब साइबर अपराध में इस्तेमाल मोबाइल भी बंद कर दिया जाएगा होगा। मोबाइल बंद होने से कोई भी सिम कार्ड उसमें काम नहीं करेगा। पहले चरण में ऐसे 650 मोबाइल चिह्नित कर सूची पुलिस मुख्यालय, लॉ इंफोर्समेंट एजेंसी और डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकाम को भेजी गई है।
दरअसल, अभी तक साइबर अपराधी एक सिम का इस्तेमाल करते और फिर उसे तोड़कर फेंक देते थे। इसके बाद उस मोबाइल में नया सिम कार्ड डालकर दूसरी वारदात कर देते थे। मोबाइल बंद होने के बाद ऐसा नहीं होगा। यदि वह अपराध करने की कोशिश करते हैं तो उन्हें हर बार नया मोबाइल लेना होगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: सुभारती विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए केरल के राज्यपाल, कहा-अपनी संस्कृति पर गर्व करें
चार प्रदेशों के हैं मोबाइल
सूची में शामिल अधिकतर चिह्नित मोबाइल पश्चिम बंगाल, झारखंड और असम में इस्तेमाल किए गए हैं। इसके अलावा कुछ मोबाइल ऐसे भी हैं जो हरियाणा के नूंह जिले से ऑपरेट हुए थे। साइबर अपराध में नूंह जिले का नाम भी हमेशा सुर्खियों में रहता है।
पिछले एक साल में दर्ज हुए 3200 मुकदमे
जिले में एक साल के अंदर करीब 3200 केस दर्ज हुए हैं। हालांकि साइबर सेल की सतर्कता से करीब एक करोड़ रुपये की रकम को खातों में सीज भी कराया गया, जिसे साइबर अपराधी नहीं निकाल सके। इसमें कुछ रकम पीड़ितों को वापस मिल चुकी है। कुछ पीड़ितों को रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया चल रही है।
इस तरह हुई ठगी
जिन मोबाइल को बंद कराने की तैयारी की जा रही है, उनसे अलग-अलग तरीके के साइबर अपराध किए गए हैं। जैसे सेक्सटोर्न, लिंक भेजकर ठगी करना, फेसबुक या इंस्टाग्राम आदि पर फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर रकम ठगना और पाॅलिसी आदि के नाम पर ठगी करना आदि शामिल है।
अभी तक केवल सिम कार्ड बंद कराए जाते थे लेकिन पहली बार उस मोबाइल को भी बंद करा दिया जाएगा। जनवरी माह से लेकर अब तक हुई साइबर अपराध की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए सिमकार्ड और करीब 650 मोबाइल बंद कराने की सूची मुख्यालय को भेज दी गई है। - एसके सक्सेना, साइबर सेल प्रभारी मेरठ।