फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut News Live: Temperature crossed 41 degree, post office collapse in Meerut

Meerut News Live: आधे घंटे खड़ी रही हेमकुंड व देहरादून एक्सप्रेस, मेरठ में डाकखाना धंसने से हड़कंप

Wed, 19 Apr 2023 10:11 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 19 Apr 2023 10:11 PM IST
सार

मेरठ में घंटाघर तक पहले फेज में नाला निर्माण हो रहा है तो वहीं इसके पीछे पानी की पाइप लाइन महीनों से टूटी पड़ी है। मंगलवार देर रात डाकखाना ही धंस गया। वहीं कई मकानों में भी दरारें आ गईं।

विज्ञापन
Meerut News Live: Temperature crossed 41 degree, post office collapse in Meerut
फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेरठ के छतरी पीर से किशनपुरी तक नाला निर्माण और अप्सरा सिनेमा के पीछे की ओर पाइपलाइन के टूटने से मंगलवार रात हड़कंप मच गया। डाकखाना जहां पीछे की ओर से धंस गया तो वहीं कई दीवारों में दरारें आ गईं। आसपास के कुछ घरों में भी दरारें आने पर लोग घरों से निकल आए और सड़क पर हंगामा कर दिया। पुलिस उन्हें समझाने-बुझाने में जुटी रही। देर रात पीडब्ल्यूडी टीम ने मकानों के नीचे सपोर्ट लगाकर सुरक्षा बंदोबस्त किए।

विज्ञापन


दौड़ पड़े लोग
रोजा इफ्तार के बाद जब नमाज पढ़कर मस्जिद से लोग निकले तो एकाएक हल्ला मच गया। घर से बाहर निकले तो कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आ गई थीं। साथ ही डाकखाने की बिल्डिंग के पीछे के भाग में दरारों के साथ अलाइनमेंट बदल गया। हामिद, जुनैद व इकबाल ने बताया कि डाकखाने की दीवार धंस गई। आसपास के कई मकानों में भी दरारें आ गईं। 
विज्ञापन


नाले पर बना दिए तीन मंजिला घर
छतरी पीर से जहां घंटाघर तक पहले फेज में नाला निर्माण हो रहा है तो वहीं इसके पीछे पानी की पाइप लाइन महीनों से टूटी पड़ी है। नाले व पाइप लाइन का पानी घरों की नींव में जा रहा है। अप्सरा सिनेमा में भी बेसमेंट तैयार कराकर निर्माण हुआ। इसकी वजह से भी मकानों को नुकसान की शिकायतें हुईं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसके सारस्वत का कहना है कि नाले के ऊपर अवैध निर्माण कर तीन मंजिला तक मकान खड़े कर दिए हैं। नोटिस के बावजूद लोग नहीं मान रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

पीडब्ल्यूडी बना रहा नाला 
राज्यसभा सांसद डॉॅ. लक्ष्मीकांत वाजपेई के प्रस्ताव पर 23 करोड़ 57 लाख 76 हजार रुपये से छतरी वाले पीर से घंटाघर-किशनपुरी ओडियन नाले तक मार्ग का चौड़ीकरण होना है। पीडब्ल्यूडी इसका निर्माण कर रहा है। छतरी वाले पीर से घंटाघर तक फिलहाल मार्ग की चौड़ाई नौ से दस मीटर है। अब यह 14 मीटर चौड़ी हो रही है। इसी प्रकार घंटाघर से किशनपुरी ओडियन नाले तक वर्तमान में चार मीटर चौड़ी सड़क बढ़कर आठ मीटर चौड़ी हो जाएगी। यानी घंटाघर से ओडियन नाले तक किशनपुरी नाला अंडरग्राउंड हो जाएगा। इसका पचास फीसदी काम पूरा कर लिया गया है।

पीडब्ल्यूडी की टीम ने लगाए कॉशन
घरों में दरारें और डाकखाना धंसने की सूचना पर पीडब्ल्यूडी की टीम पहुंची और सुरक्षा उपाय किए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसके सारस्वत ने बताया कि नाला निर्माण में अवैध निर्माण बाधा बन रहे हैं। इसके लिए निगम को लिस्ट दी गई है। दोनों ही विभागों की ओर से ऐसे भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि टीम ने पहुंचकर सपोर्ट लगवाई और कॉशन लगाकर सही किया।
 

तापमान 41 डिग्री के पार, बढ़ती-जलती गर्मी ने झुलसाया, 

पश्चिम यूपी में गर्मी के तेवरों के बीच तापमान 41 डिग्री के पास पहुंच गया है। गर्मी का रौद्र रूप पिछले एक सप्ताह से बढ़ता जा रहा है। जिस कारण से शहरवासी परेशान हैं। पहाड़ी क्षेत्र में बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वेस्ट यूपी में भी इसका असर पड़ेगा। बुधवार को बूंदाबांदी के आसार है। 

लगातार तापमान में बढ़ोतरी और सामान्य से ऊपर जा रहा है। दिन- रात का पारा गर्मी का अहसास को बढ़ा रहा है। दिन में चल रही  लू के चलते गर्मी के तेवर तलख हो गए हैं। समय से पहले लू के चलने के चलते शहरवासी हलकान हैं। मई जून जैसी गर्मी अप्रैल में ही देखने को मिल रही है। जिस कारण से मौसम गर्म बना हुआ है। तेजी से गर्म मौसम के साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सीजन में मंगलवार का दिन सबसे गर्म रहा है। 
300 के पास पहुंच रहा है एक्यूआई, खराब हो रही हवा 
एनसीआर में तेजी से बदलते मौसम के साथ शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब हो रहा है। मंगलवार को मेरठ समेत आसपास के जिलों की हवा खराब रही और मेरठ की वायु गुणवत्ता सूचकांक 282 दर्ज किया गया। जबकि बागपत 245, गाजियाबाद 230 मुजफ्फरनगर 317 दर्ज किया गया। शहर में सबसे ज्यादा बेगमपुल प्रदूषित रहा है। यहां का एक्यूआई 315्र दिल्ली रोड 305, जयभीमनगर 295, गंगानगर 295, पल्लवपुरम 257 दर्ज किया गया।  

मेरठ की बहू दिव्या ने स्वर्ण के साथ जीती चांदी की गदा

मेरठ की बहू दिव्या ने स्वर्ण पदक के साथ जीती चांदी की गदामेरठ। हिमाचल में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में मेरठ की बहू दिव्या काकरान ने शादी के बाद पहली कुश्ती प्रतियोगिता खेली और स्वर्ण पदक हासिल किया। कुश्ती जीतने के बाद दिव्या को एक चांदी की गदा और 1 लाख की सम्मानित राशि वितरित की गई। दिव्या मेरठ में मऊ खास में सत्यम कुश्ती एकेडमी में कोच राजेश तोमर से प्रशिक्षण ले रहीं हैं। दिव्या ने जीत का श्रेय कोच राजेश तोमर को दिया। दिव्या को  कुश्ती में आगे बढ़ाने के लिए उनके पति सचिन प्रताप भी अहम योगदान दे रहे हैं। दिव्या का लक्ष्य 2024 में पेरिस ओलंपिक में देश को पदक दिलाने का है। 

15 फीट का वादा, 5 फीट चौड़ी भी नहीं बनाई सड़क  


दिल्ली रोड पर एनसीआरटीसी वादे के मुताबिक सड़क निर्माण नहीं कर रहा है। मंगलवार को शारदा रोड पहुंचे व्यापारियों ने सड़क निर्माण का विरोध किया। उन्होंने बताया कि वादा 15 फीट चौड़ी सड़क बनाने का किया गया था, लेकिन मौके पर 5 फीट की भी सड़क नहीं बनाई गई है। जगदीश मंडप से शारदा रोड तक 15 फुट सड़क निर्माण की मांग की है। 

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने बताया कि दुकानों के आगे काम होने के बाद भी रैपिड के टीन शेड लगे हैं। ऐसे में कारोबार को भारी नुकसान हो रहा है।  अब दो दिन में हाईकोर्ट में मामला प्रस्तुत किया जाएगा। दिल्ली रोड के व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल और राष्ट्रपति से मिलेगा। 

संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि बीते सप्ताह एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने विश्वास दिलाया था कि आगे का कार्य तभी शुरू किया जाएगा जब 15 फुट सड़क तैयार कर दी जाएगी, लेकिन बिजली के खंभे, सड़क के बीच में आ रहे धार्मिक स्थल और अन्य अवरोधों के हटाए बिना सड़क तैयार कर दी गई है। नाले पर भी लोहे की चादर डालकर रास्ता नहीं बनाया गया है। शारदा रोड मोड़ पर सड़क की चौड़ाई 3 फुट से अधिक नहीं है। संगठन इस संबंध में अब पुन: आंदोलन करेगा। 
 

दिल्ली रोड व्यापारी शास्वत, अजय शर्मा और कपिल गर्ग ने बताया कि रेमंड के शोरूम डीआर टेक्सटाइल्स के पास 18 सितंबर से गड्ढा खुदा हुआ है। सात माह बीत जाने के बाद भी गड्ढे को नहीं भरा गया है। कई जगहों पर दो माह बाद भी काम शुरू नहीं हुआ है।

मनोज और विक्की चावला ने बताया कि शांति स्वरूप एंड संस के सामने धर्मस्थल होने के कारण मार्ग सिर्फ 2 फुट शेष रह गया है। मोहित गुप्ता ने कहा कि आरटीआई में प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धर्मस्थल न नगर निगम के रिकाॅर्ड में है और न ही पीडब्ल्यूडी के रिकार्ड में हैं।

एनसीआरटीसी काम आगे बढ़ाने के साथ जगह घेरता जा रहा है लेकिन विकल्प के संबंध में कोई व्यवस्था नहीं की गई। टूटी सड़कों पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पूरे दिन धूल उड़ती रहती है और सड़कों पर जाम रहता है। - मोहित गुप्ता, व्यापारी दिल्ली रोड

रैपिड प्रोजेक्ट शुरू करने से पूर्व व्यापारियों को पांच गुना मुआवजा दिया जाना चाहिए था। किसानों की भूमि अधिग्रहण करने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू किया जाता है। रैपिड में ऐसा नहीं किया गया। लगातार व्यापार की हानि हो रही है। - बॉबी गांधी, व्यापारी दिल्ली रोड 

चांद दिखने के साथ 22 या 23 अप्रैल को मनाई जाएगी ईद

चांद दिखने के साथ ईद उल फितर का त्योहार 22 या 23 अप्रैल को मनाया जाएगा। शहरकाजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि शाही जामा मस्जिद में ईद की नमाज पढ़ना ज्यादा सवाब है। ऐसे में ईदगाह में समय से पहुंचकर परिसर में नमाज अदा करें। उन्होंने बताया कि शाही ईदगाह में नमाज सुबह 7:45 बजे होगी। फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में ईद की नमाज सुबह 7:15 बजे होगी। संवाद 

सुन्नी मस्जिदों में ईद की नमाज का वक्त 
शाही ईदगाह में नमाज: सुबह 7:45 बजे। लिसाड़ी रोड रशीदिया मस्जिद : सुबह 7:45 बजे। लिसाड़ी गांव ईदगाह : 7:00 बजे। फैज ए आम इंटर कॉलेज में : सुबह 7:15 बजे।

शिया मस्जिदों में नमाज का वक्त: मनसबिया रेलवे रोड : सुबह 8:00 बजे। मस्जिद अलमुर्तजा : सुबह 8:30 बजे। दरबारे हुसैनी : सुबह 8:00 बजे। मस्जिद अबु तालिब : सुबह 8:45 बजे। शाही मस्जिद जाहिदियान: सुबह 8:30 बजे। छोटी मस्जिद कोटला : सुबह 8:00 बजे।

आधे घंटे खड़ी रही हेमकुंड व देहरादून एक्सप्रेस
सहारनपुर में आंधी ने रेलवे स्टेशन पर भी नुकसान पहुंचाया। स्टेशन पर प्लेटफार्म के ऊपर लगी प्लास्टिक की चादर आंधी में गिर गई। इस दौरान बिजली बंद की गई। इससे वहां मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत टावर वैगन को बुलाकर चादर को ठीक कराया गया। इसमें करीब 45 मिनट का समय लगा। इससे श्रीमाता वैष्णों देवी कटरा-ऋषिकेश हेमकुंड एक्सप्रेस, अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस को रोका गया, जो अपने निर्धारित समय से लेट हो गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed