Meerut News Live: महापौर-अफसरों ने किया HTP प्लांटों का निरीक्षण, दुष्कर्म मामले में शिक्षक को 20 साल की सजा
अवैध निर्माण की शिकायतों के बाद अब आवास विकास परिषद द्वारा अवैध भवनों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ड्रोन सर्वे कराया गया जिसमें तकरीबन 13000 निर्माण कार्य चिन्हित किए गए हैं। मौसम की बात करें तो आज सुबह से ही धूप तेज बनी हुई है। तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अवैध निर्माण की शिकायत जिला प्रशासन के साथ ही शासन तक हुई तो आवास एवं विकास परिषद की ओर से ड्रोन से सर्वे शुरू कराया गया। इस सर्वे में जय देवी नगर, शास्त्री नगर और जागृति विहार में 13000 निर्माण कार्य चिह्नित किए गए हैं। अब इनमें से अवैध निर्माण चिह्नित किए जाएंगे। इसके लिए अफसरों की जिम्मेवारी तय कर दी गई है।
शहर में तेजी से अवैध निर्माण हो रहे हैं और हाईवे के साथ ही मुख्य मार्गों पर अवैध कॉलोनियों की खरपतवार होने लगी है। मामले में जिला प्रशासन के साथ ही शासन में भी लोगों द्वारा शिकायत की गई। शासन ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए आवास एवं विकास परिषद को सर्वे कराने के निर्देश दिए थे।
हाल ही में विभाग की ओर से जय देवी नगर, शास्त्री नगर तथा जागृति विहार में ड्रोन से सर्वे कराया गया। इन निर्माण में कितने अवैध हैं इन्हें अब चिन्हित करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण को भी लगभग 3000 अवैध निर्माण की सूची सौंपी गई थी। अब ड्रोन के जरिए जो सर्वे किया गया है। इसके आधार पर और अवैध निर्माण चिह्नित किए जा रहे हैं। अवैध रूप से बनाए गए भवनों को ध्वस्त किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Meerut News: मेडा करेगा 12 सौ करोड़ की 345 संपत्तियां नीलाम
मौसम में बदलाव जारी, सुबह खिली धूप, फिर घटा छाई
मौसम विभाग ने शनिवार को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और कहीं कहीं पर हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया था, लेकिन रविवार को मौसम सुबह से ही साफ रहा और तेज धूप के बीच दिन में उमस के साथ गर्मी का भी अहसास हुआ।
मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही का कहना है कि आगे मौसम के साफ रहने के अनुमान है। हालांकि मई माह में जो भीषण गर्मी पड़नी चाहिए थी, वह बारिश के चलते अभी नहीं दिखी है। धीरे-धीरे ही तापमान में बढ़ोतरी होगी।
सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने आठ हजार रुपये लूटे
खरखौदा में सवारी बनकर बैठे दो बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक से आठ हजार की नगदी व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की और हाथ-पैर बांधकर उसे अल्लीपुर के जंगल में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने मामले को चोरी की धाराओं में दर्ज किया है।
बिजली बंबा चौकी क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी निवासी सुहेल हापुड़ अड्डे से लोहिया नगर तक ई-रिक्शा चलाता है। शनिवार शाम हापुड़ अड्डे से दो युवकों ने अल्लीपुर मोड़ तक ई-रिक्शा किराए पर ली। अल्लीपुर मोड़ पर पहुंचने पर दोनों सवारियों को अल्लीपुर गांव के अंदर जाने के लिए कहा। इसी बीच बदमाशों ने उससे लूट का प्रयास किया।
सुहेल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और हाथ-पैर बांधकर उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। कुछ समय बाद अल्लीपुर निवासी कुछ युवक चारा लेने के लिए आए तो वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। कुछ दूर ई-रिक्शा भी खड़ी थी। सूचना पर पुलिस ने सुहेल को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सोतीगंज में ई-रिक्शा ने बाइक में टक्कर मारी, दंपती से अभद्रता
सोतीगंज में ई-रिक्शा चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपती के विरोध करने पर ई-रिक्शा चालक ने अभद्रता कर दी। इस दौरान ई-रिक्शा चालक के पक्ष में दो युवकों ने भी बाइक चालक से मारपीट की। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस एक युवक को पकड़कर थाने ले गई।
गंगानगर के बक्सर निवासी अमर अपने 13 वर्षीय बेटे आर्यन और पत्नी वर्षा के साथ रविवार दोपहर तीन बजे दिल्ली रोड पर आए थे। सोतीगंज के पास मुर्गा मार्केट में एक ई-रिक्शा चालक ने बाइक में टक्कर मार दी।
अमर ने विरोध किया तो चालक ने अभद्रता कर दी। आसपास खड़े दो युवक भी ई-रिक्शा चालक के पक्ष में आ गए और अमर से मारपीट शुरू कर दी। पत्नी ने बचाने का प्रयास किया तो उससे भी अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस एक युवक को थाने ले आई। सदर बाजार थाना प्रभारी देव सिंह रावत का कहना है कि उनके मेरे संज्ञान में नहीं है।
पुरानी पेंशन के लिए आंदोलन का एलान
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जनपद शाखा मेरठ का अधिवेशन रविवार को लोक निर्माण विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर संघ भवन में आयोजित हुआ। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया। अध्यक्षता करते हुए झम्मन सिंह वर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों, अधिकारियों के मान सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। इसे पूरा करने के लिए अब कामरेड शिव गोपाल मिश्र के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापारी आंदोलन चलाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में इंजीनियर हरिकिशोर तिवारी के मार्गदर्शन में एक पेंशन रथ चलाकर जन जागरण किया जा रहा है। पहले चरण में यह पूर्व उत्तर प्रदेश में है आएगा। परिषद के जिला मंत्री बनी सिंह चौहान ने परिषद द्वारा पुरानी पेंशन एवं अन्य मुद्दों को लेकर परिषद द्वारा किए गए प्रयासों से अवगत कराया। इसके बाद चुनाव अधिकारी सुभाष दत्त शर्मा ने चुनाव संपन्न कराया।
नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गुपचुप तरीके से किया अंतिम संस्कार
मेरठ के शेरगढ़ी में नव विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। आरोपी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मृतका के परिजनों का इंतजार कर रही है।
नव विवाहिता दीपा हरियाणा की रहने वाली थी। उसकी शादी मेडिकल थाना क्षेत्र के शेरगढ़ी में हुई थी।
दीपा की मौत के बाद ससुरालियों ने गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया। आज मृतका की मां ने पुलिस को दी सूचना। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन करते हुए आसपास लोगों से पूछताछ की। आरोपी ससुराल वाले मौके पर नहीं मिले। छानबीन जारी है
महापौर और एमडीए अधिकारियों ने किया एचटीपी प्लांटों का निरीक्षण, मिलीं खामियां
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने सोमवार को एमडीए व जल विभाग के अधिकारियों के साथ कसेरूखेड़ा व गंगानगर में स्थित एचटीपी प्लांटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें दोनों प्लांटों में भारी अनियमित्ताएं मिलीं। जिस पर महापौर ने नाराजगी जाहिए की।
कसेरूखेड़ा में नाले किनारे एचटीपी प्लांट है, जहां सोमवार दोपहर को एमडीए अधिकारी एक्सिन नीरज, जलकल विभाग से अशोक सिंह, अपर नगरायुक्त ममता मावी के साथ महापौर हरिकांत अहलूवालिया पहुंचे। प्लांट में उपस्थित ठेकेदार नरेश मोदी ने बताया कि प्लांट चालू अवस्था में है और रोजाना पानी की सफाई करते हैं। अधिकारियों को देख आसपास के लोगों की भी भीड़ इकट्ठा हो गई। उन्होंने बताया कि प्लांट में एक-दो ही कर्मचारी उपस्थित रहते हैं। वहीं, इसके बाद टीम गंगानगर ब्लॉक के स्थित 10 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पर पहुंचे। वहां देखा तो आधी से ज्यादा मशीनें खराब थीं। जनरेटर भी जर्जर हालत में पड़े मिले। थोड़ी मात्रा में ही सिल्ट जमा मिली। जिस पर प्लांट पूरी क्षमता से न चलने की बात सामने आई। प्लांट से कर्मचारी भी नदारद मिले। जिस पर महापौर ने नाराजगी जताई। अधिकारियों ने बताया कि गंगानगर प्लांट का ठेका जेएम इंफ्रा एंड इनवाइरो प्राइवेट लिमिटेड के नाम है। महापौर ने अधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई की बात कही। इस मौके गंगानगर वार्ड पार्षद भरत शर्मा व कसेरूबक्सर पार्षद आनंद जाटव आदि मौजूद रहे।
नाबालिग से दुष्कर्म में शिक्षक को 20 साल की सजा
बिजनौर में विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट प्रकाशचंद्र शुक्ला ने एक अबोध बालिका के साथ दुष्कर्म करने के दोषी को शिक्षक को 20 वर्ष के कारावास व एक लाख 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। न्यायालय ने अर्थदंड की राशि में से एक लाख रुपये पीड़िता को दिए जाने के आदेश दिए हैं।
शासकीय अधिवक्ता योगेंद्र सिंह के अनुसार थाना चांदपुर के एक गांव निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पांच मई 2020 को उसकी नाबालिग पुत्री राहुल के पास उसके घर ट्यूशन पढ़ने गई थी। राहुल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसकी बेटी घर लौट कर आई तो उसने दुष्कर्म की बात अपनी मां को बताई। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मेडिकल रिपोर्ट में सीएमओ ने पीड़िता की आयु करीब आठ वर्ष बताई। अदालत में महिला चिकित्सक दिशा रानी सिंह और पीड़िता ने दुष्कर्म होने की पुष्टि की। अदालत ने अबोध बालिका के साथ दुष्कर्म करने के मामले को अत्यंत गंभीर अपराध मानते हुए आरोपी राहुल को 20 साल की सजा सुनाई है।
गैर इरादतन हत्या के दोषी को 10 साल कैद की सजा
शामली के झिंझाना क्षेत्र के गांव रामपुरा में 13 साल पहले हत्या के मामले में दोषी को दस साल कैद की सजा सुनाई गई है।
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राजीव शर्मा ने बताया कि 26 अगस्त 2010 को झिंझाना निवासी राजकुमार उर्फ काला घर से 20 हजार रुपये लेकर अपनी बहन के गांव रामपुरा में भैंस खरीदने जा रहा था। गांव से कुछ दूर पहले ही कुछ युवकों ने काला की बाइक रोक ली और चाकू से वार कर नगदी लूट ली थी। अस्पताल में ले जाने के दौरान काला की मौत हो गई थी। मृतक के पिता प्रताप ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तीन अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। प्रकरण की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायालय संख्या-10 की पीठासीन अधिकारी हेमलता त्यागी ने की। गैर इरादतन हत्या के दोषी राजकुमार उर्फ बानवा को दस साल कैद और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई, जबकि साक्ष्यों के अभाव में रामपुरा निवासी मंगल और केदारनाथ को दोषमुक्त करार दिया गया।