बड़ी वारदात: बैंक मैनेजर की पत्नी से बर्थडे गिफ्ट लूटा, बोली- पति के तोहफे को कभी भूल नहीं पाऊंगी
बैंक मैनेजर की पत्नी से दिनदहाड़े लूट हो गई। बेखौफ बदमाश महिला के गले से चेन लूटकर फरार हो गए। बताया गया कि बैंक मैनेजर ने पत्नी के बर्थडे पर गिफ्त में चेन दी थी।
विस्तार
मेरठ शहर के पॉश इलाके शास्त्रीनगर की एक गेट की कॉलोनी में मंगलवार शाम हथियारबंद बाइक सवार बदमाशों ने बैंक मैनेजर की पत्नी से चेन लूट ली। बर्थडे पर गिफ्ट में मिली सोने की चेन को बैंककर्मी से लूटकर बदमाश आसानी से भाग गए। छीनाझपटी में महिला सड़क पर गिर गई, जिसमें वह चोटिल भी हो गई। महिला के द्वारा शोर मचाने पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसकी जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
नौचंदी थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर डी-225 निवासी सपन कुमार बर्मा शास्त्रीनगर स्थित यूनियन बैंक की शाखा में मैनेजर है। उनकी पत्नी सुरूची भी बैंक में ही कर्मचारी है। मंगलवार शाम 4:30 बजे सुरूची अपने बच्चे को ठहलाते हुए शास्त्रीनगर सेक्टर-1 में पहुंच गई। एक गौवंश सामने से आया तो महिला अपने बच्चे को लेकर सड़क किनारे पर खड़ी एक गाड़ी के पीछे खड़ी हो गई थी। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। जिसमें से एक बदमाश बाइक से उतरा और महिला की कनपटी पर बंदूक लगा दी। बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली।
महिला ने साहस का परिचय देते बदमाशों से भिड़ गई। बदमाश ने महिला को धक्का दे दिया, जिस पर महिला के दोनों घुटनों में चोट भी लग गई। महिला की चीख पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया। लेकिन बदमाश वहां से भागने में कामयाब हो गए। घटना की जानकारी लगते ही इंस्पेक्टर नौचंदी जितेंद्र कुमार थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे केे फुटेज देखी, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस ने बैंक मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
पहले रैकी की और फिर घटना
दोनों बदमाश बाइक लेकर कॉलोनी में बार-बार महिला के आगे-पीछे चक्कर लगा रही थे। महिला के गले में सोने की चेन को बदमाशों ने पहले देख लिया था। बस वह मौके की तलाश में थे। गोवंश से बचने के लिये जैसे ही महिला गाड़ी की आड़ में खड़ी हुई, तभी बदमाशों ने हमला बोल दिया। बदमाशों ने रैकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश कई जगह सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए है।
यह भी पढ़ें: मर्डर: खुलेआम वारदात से दहल उठा पूरा गांव, खून से लथपथ पड़ी थी शिवानी, मंजर देख कांप गए लोग, देखें तस्वीरें
पति द्वारा गिफ्ट दी चेन को नहीं भूल पाऊंगी
सुरूची ने बताया कि अगस्त 2021 में मेरा बर्थडे थे। जिस पर पति सपन ने यह चेन उसको बर्थडे पर गिफ्ट की थी। चेन में हीरे का लॉकेट भी लगा हुआ है। महिला ने कहा कि पति द्वारा गिफ्ट में दी गई चेन को मैं कभी भूल नहीं पाऊंगी। पति ने पहली बार मेरे बर्थडे पर बड़ा गिफ्ट दिया था। उसको बदमाश लूटकर ले गए।
फुटेज लेकर बदमाशों की तलाश शुरू की
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बदमाशों की पहचान करने के लिये टीम लगा दी है। बदमाश किस रास्ते से भागे है, इसका पता लगाने के लिये पुलिस ने शास्त्रीनगर में कई कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस का दावा कि बदमाश वारदात करने के बाद लिसाड़ीगेट की तरफ भागे है। जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि बदमाश लिसाड़ीगेट के हो सकते है।
यह भी पढ़ें: आखिर ऐसे खुला जानलेवा हमले का राज: सफेद स्कॉर्पियो और काले बैग से पकड़ में आए हमलावर, घर से फरार हुई प्रोफेसर आरती भटेले
पॉश कॉलोनी में लूट पर भड़के लोग
शास्त्रीनगर सेक्टर-1 में सरेशाम लूट होने पर स्थानीय लोग भड़क गए। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हंगामा भी किया। लोगों ने कहा कि पुलिस यहां पर गश्त नहीं करती, जिसके चलते बदमाश अब कॉलोनी में घुसकर लूटपाट करने लगे है। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया और आश्वासन भी दिया कि अब गश्त बढ़ाई जाएगी।
महिला बैंककर्मी से लूट की जानकारी मिली है। बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए है। थाना पुलिस बदमाशों की तलाश में लग है। एक बदमाश हेल्मेट लगाए थे और दूसरा बदमाश नकाबपोश था। दोनों बदमाशों की पहचान का प्रयास चल रहा है। - प्रभाकर चौधरी, एसएसपी