एकतरफा प्यार का मामला: सिरफिरे ने पहले युवती को पिलाया जहर, अब खुद भी पिया, दोनों की हालत गंभीर
एकतरफा प्यार में युवती को जहरीला पदार्थ पिलाने वाले आरोपी ने भी जहर पी लिया है। दोनों की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
विस्तार
मेरठ के सरधना में एक युवक ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ पी लिया। इससे पहले गुरुवार को उसने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर युवती को भी जहरीला पदार्थ पिला दिया था। युवती की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेड़ के नीचे बेहोश मिला युवक
युवक बेहोशी की हालत में महादेव संपर्क मार्ग के पास एक पेड़ के नीचे पड़ा मिला। जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पहुंचे और उसे उपचार के लिए सीएचसी ले गए। सीएचसी ने गंभीर हालत के चलते युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
ये था मामला
एकतरफा प्यार में एक सिरफिरे ने युवती को पहले अगवा करने की कोशिश की और फिर जहरीला पदार्थ पिला दिया। युवती की हालत गंभीर है। आरोपी युवती का निकाह दूसरी जगह तय होने से नाराज था। इसलिए उसने दोस्तों के साथ मिलकर वारदाज को अंजाम दिया।
यह मामला सरधना के एक गांव का है। आरोपी छह मई को गांव की युवती को बहला-फुसलाकर ले गया था। युवती ने आरोपी से शादी करने को इनकार कर दिया और वापस लौट आई। इसके बाद युवती का निकाह उसके परिजनों ने एक रिश्तेदार युवक के साथ तय कर दिया। इस पर एकतरफा प्रेम करने वाले सिरफिरे ने युवती को मारने की योजना बना ली। गुरुवार को युवती के माता-पिता और भाई घर से बाहर गए हुए थे। घर पर युवती अपने दो बहनों के साथ थी।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: अब थाने में छलका ढाई फीट के अजीम का दर्द, साहब! अब्बू-अम्मी से कर दो शादी की सिफारिश, जिंदगी भर नहीं भूलूंगा अहसान
आरोप है कि इसी दौरान उमर अपने चार-पांच दोस्तों के साथ युवती के घर पहुंच गया। आरोपी ने युवती को धमकी दी कि अगर वह उसके साथ नहीं चली तो उसकी हत्या कर देगा। आरोपी जबरन युवती को अगवा करके ले जाने लगा। युवती और उसकी बहन विरोध करने लगी। तभी आरोपी ने युवती को जहरीला पदार्थ पिला दिया। लड़कियों की चीख-पुकार सुनकर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लेकिन आरोपी फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: बेसबब: गांव की युवती को कोठे पर देख हैरान रह गया युवक, प्यार में देह व्यापार के दलदल से निकाली प्रेमिका, दिल छूं लेंगी ये कहानियां
घटना की जानकारी लगने पर युवती के परिजनों ने आनन-फानन उसे सरधना सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया। युवती के परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पांच दिन से युवती को ढूंढ रहा था आरोपी
पुलिस ने बताया कि सात मई को भी आरोपी युवती को अगवा करने के इरादे से उनके घर पर पहुंचा था। जिस पर आरोपी का युवती के परिजनों से झगड़ा भी हुआ था। युवती के परिजनों को भी आभास था कि आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आएगा। इसकी जानकारी आसपास के लोगों के साथ-साथ पुलिस को भी थी। इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। हालांकि युवती के परिजनों ने इस मामले में थाने में कोई शिकायत पहले नहीं दी थी।