Meerut: जलभराव से मुक्त होगा मोहकमपुर, 15.24 करोड़ से बनेंगी सड़कें और नाला, भेजा प्रस्ताव
मेरठ के मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र को जल्द ही जलभराव और टूटी सड़कों से निजात मिलेगी। क्षेत्र के विकास के लिए नगर निगम के अधिशासी अभियंता ने 15.24 करोड़ का प्रस्ताव भेजा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र को जल्द ही जलभराव और टूटी सड़कों से मुक्ति मिलेगी। उद्यमियों की मांग पर नगर निगम के अधिशासी अभियंता ने 15.24 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर उपायुक्त उद्योग को भेज दिया है। क्षेत्र में सड़क निर्माण और दिल्ली रोड पर गो शाल से डीएन पॉलीटेक्निक कॉलेज तक आरसीसी नाले का निर्माण किया जाएगा। वहीं दूसरी बार प्रस्ताव भेजे जाने और दो वर्ष से विकास कार्य बाधित होने पर उद्यमियों में आक्रोश है। उन्होंने जल्द सड़कें बनवाने की मांग की है।
औद्योगिक क्षेत्र में इन्फ्रास्ट्रक्चर की सुधार की मांग के लिए आईआईए के सदस्य सांसद से लेकर मंत्रियों तक गुहार लगा चुके हैं। मुख्यमंत्री और पीएमओ कार्यालय में पत्र भेजकर अपनी समस्या बताई है, लेकिन अभी तक जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ है।
इलेक्ट्रा इंजीनियर के डायरेक्टर अशोक मल्होत्रा का कहना है क्रि मंत्री और जनप्रतिनिधि सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। दूसरी बार प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन अभी तक बजट पास नहीं हुआ। इंडो रबर के डायरेक्टर प्रदीप मल्होत्रा का कहना है कि आईआईए मार्ग और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आदि सभी सड़कें टूटी हैं। ये जल्द ठीक होनी चाहिए। नेल्को स्पोर्ट्स के डायरेक्टर अंबर आनंद ने बताया कि इन्फ्रास्ट्रक्चर अच्छा न होने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है।
निर्माण के दौरान सड़क की ऊंचाई न बढ़ाएं
पहले नाला निर्माण कर जल निकासी का प्रबंध किया जाना चाहिए। तुरंत बाद सड़कों का निर्माण करें। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिल्ली रोड से पीपीडी सेंटर तक सीसी रोड का निर्माण कराएं। सड़क की ऊंचाई न बढ़ाई जाएगी। - सुमनेश अग्रवाल, चैप्टर चेयरमैन, आईआईए
छावनी में बदहाल सड़कें, विधायक को सौंपा ज्ञापन
मेरठ कैंट में वार्ड नंबर 4, 5 और 6 में बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कैंट विधायक अमित अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। दाल मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि 5 वर्ष से सदर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है।
महामंत्री सचिन जैन ने बताया कि सीवर लाइन बिछाई गई, लेकिन उसके ढक्कन सड़क के ऊपर आ रहे हैं। कोषाध्यक्ष सुधीर रस्तोगी ने कहा कि विद्युत खंभे जर्जर हैं। बिजली के तार सड़क को छू रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में संयुक्त व्यापार संघ मंत्री अंकित मनु गुप्ता, समीर खुराना, अनिल कंसल, कृष्ण गोपाल, विवेक रस्तोगी मौजूद रहे।
जलभराव देख नाराज हुए ऊर्जा राज्यमंत्री
मोहकमपुर और माधवपुरम में जलभराव देखकर ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी को फोन कर समस्या के स्थाई समाधान के निर्देश दिए। शनिवार को राज्यमंत्री ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। सड़क पर लबालब पानी भरा था। एक साल पहले 60 लाख रुपये से बनी सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। उन्होंने अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल, अधिशासी अभियंता विकास कुरील को फटकार लगाई।
इसके बाद राज्यमंत्री माधवपुरम ग्रीन बेल्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। इनके साथ मनोनीत पार्षद राजकुमार मांगलिक ने कहा जलभराव से ग्रीन बेल्ट का अस्तित्व खत्म हो रहा है। सड़कें टूट रही हैं। निगम के अधिकारियों से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई नहीं सुन रहा है।