फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime Report: Two students missing after leaving for school, read Meerut crime news

Meerut Crime Report: स्कूल के लिए निकले दो छात्र लापता, छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा के भाई को पीटा

Thu, 30 Nov 2023 04:27 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Thu, 30 Nov 2023 04:27 PM IST
सार

मेरठ से पिछले 24 घंटे की अपराध की मुख्य वारदातें जानने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ। एक क्ल्कि में पढ़ें शहर के अपराध समाचार।

विज्ञापन
Meerut Crime Report: Two students missing after leaving for school, read Meerut crime news
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

मेरठ के मुंडाली में घर से स्कूल के निकले दो छात्र रास्ते में लापता हो गए। परिजनों ने मुंडाली थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई है। मुंडाली निवासी राजू शर्मा पुत्र जय प्रकाश शर्मा तहरीर दी कि उसका पुत्र गौरव (13) व उसका दोस्त आसिफ (14) पुत्र इंसाद मंगलवार को घर से स्कूल में पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचे। रास्ते में ही कहीं गुम हो गए।

विज्ञापन


उनकी काफी खोजबीन की गई। परंतु कहीं भी पता नहीं चल सका। किसान राजू शर्मा ने बताया कि उनके तीन पुत्र तथा एक पुत्री हैं, जिसमें गौरव सबसे छोटा है। इंसाद अली ने बताया कि उनके पांच पुत्र तथा तीन पुत्रियां हैं। आसिफ सबसे छोटा पुत्र है। वह मजदूरी और पशुपालन कर परिवार का पालन पोषण कर रहा है। उन्होंने बताया कि गुम होने के बाद बच्चों की रिश्तेदारी तथा विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन नहीं मिल सके। बच्चों ने स्कूल यूनिफार्म पहनी हुई है। साथ ही उन्होंने बताया कि उनके गांव में बिहार का रहने वाला एक व्यक्ति भी मंगलवार से गांव से गायब है, जिस पर उन्हें शक है। 

विज्ञापन

छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा के भाई को पीटा
दिल्ली रोड पर एक शोरूम के बाहर छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हो गया। विरोध करने पर छात्रा के भाई की पिटाई कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी युवक भाग गए। पहले तो छात्रा ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

परतापुर के एक स्कूल में पढ़ने वाली दसवीं कक्षा की छात्रा बुधवार दोपहर घर जा रही थी। दिल्ली रोड पर परतापुर थाने पास एक शोरूम में काम करने वाले युवक ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद छात्रा ने अपने भाई को बुला लिया।

छात्रा के भाई ने विरोध किया तो आरोपी युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। बाद में छात्रा का भाई अपने दोस्तों को लेकर शोरूम के बाहर पहुंचा और दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों ओर से पथराव किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी युवक फरार हो गए। युवती ने परतापुर थाने में तहरीर दी। परतापुर थाना प्रभारी जयकरण सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। 

कूड़ा डालने के विवाद में मारपीट
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र की ईदगाह कॉलोनी के हकीम का पड़ोसी रिजवान से विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में धारदार हथियार चल गए। इस दौरान महिला समेेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन

सॉल्ट के नाम से बेचीं जाएं दवाएं
जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दवाओं की कीमत कम करने और इलाज को सस्ता करने की मांग की है। अध्यक्ष नरेश चंद गुप्ता और महामंत्री रजनीश कौशल ने बताया कि उनकी मांग है कि प्रदेश में दवाओं कीमत सभी कंपनियों में एक समान होनी चाहिए। ब्रांड नाम खत्म करके दवाएं सिर्फ साॅल्ट के नाम से ही बेचने की अनुमति होनी चाहिए। चिकित्सक सिर्फ दवा का साॅल्ट लिखें, बेचने की जिम्मेदारी दूसरे लोगों की होनी चाहिए। साॅल्ट लिखने से मरीज प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों से भी सस्ती दवाएं ले सकेंगे। इससे दवाओं की गुणवत्ता पर भी विश्वास बढ़ेगा।

महिला के खाते से 98 हजार रुपये निकाले
लालकुर्ती थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला के खाते से साइबर ठगों ने करीब 98 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस के मुताबिक मेदा मोहल्ले निवासी रेखा गुप्ता ने बताया कि 27 नवंबर की सुबह उनके मोबाइल पर मेसेज आया। यह मेसेज 97,999 रुपये डेबिट होने का था। उन्होंने परिवार को इस बारे में बताया। बाद में महिला बैंक शाखा पहुंची। साइबर ठगी होने पर उन्होंने अपना खाता फ्रीज कराया। पुलिस जांच कर रही है। 

हत्या व लूट के मामले में दबिश
हत्या के मामले में अलीगढ़ और लूट के पुराने मामले में गाजियाबाद पुलिस ने लिसाड़ीगेट क्षेत्र में देर रात दबिश दी। हालांकि यहां से किसी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी। जानकारी के अनुसार अलीगढ़ मेंं एक दिन पहले मंगलवार को हत्या की वारदात हुई। इस मामले में पुलिस ने दबिश दी थी।  वहीं, दूसरी ओर गाजियाबाद पुलिस एक बदमाश को लेकर लूट के मामले में अहमद नगर इलाके में पहुंची। सीओ अमित कुमार राय का कहना है कि हत्या व लूट के मामले में यह दबिश दी गई।

प्लाॅट के विवाद में दो पक्ष भिड़े मारपीट और फायरिंग
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खिर्वा रोड पर जमीन के विवाद में दो पक्षों में फिर से मारपीट और फायरिंग हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाइसेंसी हथियार से फायर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से एक युवक को हिरासत में ले लिया है।

दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। थाना क्षेत्र के जेवरी गांव निवासी राजेंद्र व राजीव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पूर्व एक कर्नल से खिर्वा रोड पर प्लाट का बैनामा कराया था। इस पर जिटोली गांव निवासी नरेंद्र दावा कर रहे हैं। इसे लेकर कोर्ट में वाद चल रहा है। बुधवार को इस प्लाट पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के लोग पहुंच गए और उनमें विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के युवक ने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी। इससे क्षेत्र में भगदड़ मच गई। तीन लोग हिरासत में लिए गए।  

लोक निर्माण विभाग में ठेकेदार ने जेई को पीटा, केस दर्ज
लोक निर्माण विभाग में बुधवार दोपहर एक ठेकेदार ने अवर अभियंता संदीप कुमार से मारपीट कर दी। सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। आरोपी ठेकेदार के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया है। 
अवर अभियंता संदीप कुमार के मुताबिक ठेकेदार रविंद्र चौहान ( सोल प्रो आरआर एसोसिएट्स गाजियाबाद) ने राजकीय कार्य में बाधा डालते सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर वह अपने कक्ष संख्या 104 में कर्मचारी सुनील शर्मा के साथ तकनीकी स्वीकृति आगणन की फाइल तैयार कर रहे थे। रविंद्र चौहान ने मुख्य अभियंता कार्यालय के कक्ष से बाहर आकर अपनी समय वृद्धि के लिए कहा।
उन्होंने इस फाइल को अपने पास होने से मना कर दिया, इस पर रविंद्र चौहान ने दबाव देकर कहा कि फाइल आपके ही पास है और अभद्रता करते हुए मेज पर रखी फाइल फाड़ दी। बाद में मारपीट की गई। पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, सरकारी दस्तावेज फाड़ने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

रास्ते में रोककर पीटा, पथराव किया
लिसाड़ीगेट क्षेत्र के खुशहाल नगर कॉलोनी निवासी शबाना ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें महिला ने कहा कि उनका बेटा सुहैल एक दुकान से सामान लेकर लौट रहा था। रास्ते में सलीम ने बेटे को रोक लिया। उसने अभद्रता की। इसका विरोध किया तो सुहैल को पीटा गया। बाद में पथराव हुआ। 

30 साल पुराने भ्रष्टाचार के मामले में अधिशासी अभियंता दोष मुक्त
न्यायालय अपर जिला जज (विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम मुजफ्फरनगर एनसी अग्रवाल को साक्ष्य के अभाव में भ्रष्टाचार के आरोप से दोषमुक्त करार दिया। घटना 30 साल पहले की है।  विशेष सचिव उर्जा अनुभाग वीके सिंह के निर्देश पर थाना सिविल लाइन मेरठ में केस दर्ज हुआ था। इसकी जांच परिषदीय सतर्कता इकाई की ओर से की गई। जांच रिपोर्ट 12 फरवरी 2004 को दी गई। इसमें आरोप लगाया गया कि साकेत मेरठ में भवन का निर्माण आरोपी द्वारा काले कारनामे से की गई कमाई से कराया गया। 

चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में सांसद राजेंद्र अग्रवाल दोषमुक्त
वर्ष 2009 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान गोल मार्किट साकेत में एक सभा की गई थी। इसे लेकर सांसद राजेंद्र अग्रवाल व महानगर महामंत्री विवेक रस्तोगी के खिलाफ चुनाव अचार संहिता के उल्लंघन के में थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पूर्व डीजीसी फौजदारी ब्रजभूषण गर्ग ने बताया कि अपर सिविल जज एमपीएमएल कोर्ट के समक्ष अभियोजन पक्ष की ओर से पुख्ता साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। साक्ष्य के अभाव में सांसद राजेंद्र अग्रवाल और विवेक रस्तोगी को दोषमुक्त करार दिया गया। 

परतापुर थाने के पास भी दुकान का ताला तोड़कर चोरी
परतापुर थाने के पास बुधवार देर रात चोरों ने इलेक्ट्रानिक की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए की कीमत का काॅपर वायर चोरी कर लिया। सूचना पर परतापुर पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांचर की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। थाने से 50 मीटर दूर गोपाल सिंह की दुकान है। देर रात चोरों ने दुकान के बाहर कार लगाकर दुकान का ताला तोड़ दिया। चोर दुकान से काफी मात्रा में कॉपर की रील और अन्य स्क्रैब का सामान चुराकर ले गए। इनकी कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है। इंस्पेक्टर जयकरण सिंह का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

जयदेवी नगर में दुकान से तीन लाख का कॉपर वायर चोरी
नौचंदी थाना क्षेत्र के जयदेवीनगर में चोर एक दुकान से करीब तीन लाख रुपये की कीमत के कॉपर वायर चुराकर ले गए हैं। पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ जानकारियां लीं।

जयदेवी नगर में एक पूर्व विधायक का मकान है। इसके बराबर में कुछ दुकानें बनी हैं। एक दुकान मोटर बाइंडिंग की कॉपर वायर का कारोबार करने वाले अरुण की है। अरुण भी जयदेवी नगर में रहते हैं। बुधवार तड़के 4:40 बजे इस क्षेत्र का एक युवक घूमने के लिए निकला। उसने देखा कि दुकान के बाहर काले रंग की कार खड़ी है। 

दुकान खोलकर दो युवक सामान कार में लाद रहे थे। युवक रुका तो बदमाशों को शक हो गया। उन्होंने शटर खुला छोड़ा और कार लेकर भाग निकले। उस युवक ने पूर्व विधायक के घर का दरवाजा खटखटाया और उन्हें घटना बताई। इसके बाद दुकान मालिक अरुण को सूचना दी गई। अरुण ने बताया कि बदमाश दुकान से करीब तीन लाख रुपये की कॉपर वायर चुराकर ले गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed