फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime Report: Read latest Crime news meerut today

Meerut Crime Report: 90 करोड़ की ठगी, अवैध हथियारों की फैक्टरी पकड़ी, महिला से दुष्कर्म का प्रयास

Tue, 19 Mar 2024 03:53 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Tue, 19 Mar 2024 03:53 PM IST
सार

मेरठ से पिछले 24 घंटे की अपराध की मुख्य खबरें पढ़ने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ। 

विज्ञापन

विस्तार

मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति के रिश्तेदारों पर घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि एसएसपी के आदेश के बावजूद थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वहीं, घटना के बाद पति ने तीन तलाक का नोटिस भी भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति दहेज के लिए परेशान करता था। 

विज्ञापन


उसे कई बार पीटा गया। उसका गर्भपात तक कराया गया। इसके बाद से वह मायके में है। आरोप है कि बीते 22 फरवरी को उसके पति के तीन रिश्तेदार महिला के मायके में पहुंचे। उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। 
विज्ञापन


पीड़िता का आरोप है कि थाना पुलिस ने उसका मेडिकल कराने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया। वह तीन बार एसएसपी ऑफिस के चक्कर लगा चुकी है। मगर कार्रवाई नहीं हुई। अब महिला के पति ने तीन तलाक का नोटिस भेज दिया है। सोमवार को पीड़िता ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


सौ से ज्यादा स्पेम रिपोर्ट होने पर बंद होगा व्हाट्सएप
सोशल मीडिया के दौर में व्हाट्सएप पर दिनभर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाता है। अगर कोई आपको परेशान करना चाहता है वो एक साथ 100 से ज्यादा स्पैम रिपोर्ट कराकर व्हाट्सएप नंबर बंद करा सकते हैं, अगर गलत तरीके से किया गया है तो इसकी रिपोर्ट साइबर सेल में कर सकते हैं। पिछले डेढ़ साल में ऐसे पांच सौ नंबर पर स्पैम रिपोर्ट होने पर व्हाट्सएप अकाउंट बंद किए गए हैं।

साइबर सेल थाना प्रभारी सुबोध कुमार  सक्सेना ने बताया कि अगर कोई नंबर लगातार आपत्तिजनक , अव्यवहारिक या बेवजह परेशान करने वाले संदेश व्हाट्सएप से प्रसारित कर रहा है तो उसके लिए या फिर साइबर अपराध में प्रयोग होने वाले व्हाट्सएप नंबरों के लिए ये सुविधा है कि एक साथ सौ से अधिक लोग एक ही समय में उस नंबर पर स्पैम रिपोर्ट करेंगे। 

वेतन मांगने पर गार्ड को बंधक बनाकर पीटा
सिक्योरिटी कंपनी में काम कर रहे सुरक्षा गार्ड महेंद्र ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। उसने आरोप लगाया कि कंपनी मालिक ने वेतन मांगने पर उन्हें बंधक बनाकर पीटा। 

गांव कुंडा निवासी महेंद्र ने बताया कि 6 जून की रात कुछ नकाबपोश लोगों ने उसे पीटा। वे ट्रांसफार्मर से सामान चोरी कर ले गए। दिन निकलने पर उसने खुद को किसी तरह मुक्त कराया। इस घटना के बाद 16 मार्च को जब वह अपनी वेतन लेने को कंपनी गया तो उससे वेतन रजिस्टर पर साइन करा लिए, लेकिन वेतन नहीं दिया। संचालक ने उसको बुरी तरह पीटा और बंधक बना लिया। देर रात उसे छोड़ा गया। पीड़ित ने एसएसपी दफ्तर पर शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। 

तारापुरी में अवैध हथियारों की फैक्टरी पकड़ी
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले लिसाड़ीगेट पुलिस ने तारापुरी में छापा मारा। यहां अवैध हथियारों की फैक्टरी पकड़ी गई। काफी मात्रा में पिस्टल, तमंचे सहित शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए। सरगना फुरकान, सरताज और एक अन्य को हिरासत में लिया गया। इनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक रविवार देर रात एक सूचना पर तारापुरी में एक मकान में दबिश दी गई। यहां काफी मात्रा में हथियारों का जखीरा देखकर पुलिस दंग रह गई। यहां अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे। पुलिस को देखकर हथियार तस्कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि चुनाव को लेकर हथियार तैयार किए जा रहे थे। 

आरोपी फुरकान पहले भी अवैध हथियार बेचने के मामले में जेल जा चुका है।  इन आरोपियों की निशानदेही पर कई और ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। उधर, सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि इस तरीके का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है, पुलिस टीम से जानकारी की जा रही है।

ऑनलाइन हथियारों की सप्लाई कर रहे थे आरोपी
आरोपी चुनाव में हथियारों की बड़ी खेप तैयार कर रहे थे। इसमें अवैध पिस्टल और तमंचे तैयार किए जा रहे थे। ऑनलाइन डिमांड पर पर हथियार सप्लाई किए जा रहे थे। यहां पांच हजार रुपये में तमंचा और 20 से 25 हजार रुपये पिस्टल दी जा रही थी। 

लोन दिलाने के नाम पर 90 करोड़ की ठगी
दिल्ली स्थित रमेश नगर की रहने वाली महिला कारोबारी ममता ने लोन दिलाने के नाम पर 90 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। वह सोमवार काे एसएसपी दफ्तर पहुंचीं। 

उन्होंने कहा कि यहां ब्रह्मपुरी के रहने वाले युवक ने सोशल ग्रुप बनाकर लोन दिलाने का झांसा दिया। इस ग्रुप के माध्यम से यूपी, बंगाल और बिहार के करीब तीन हजार लोगों को जोड़ा गया था। इस मामले में एसएसपी ने साइबर सेल को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।  पुलिस के मुताबिक ममता डबास पत्नी सुरेंद्र मलिक ने बताया कि उनकी होलसेल की किराना कंपनी है। वर्ष 2022 में उनके मोबाइल पर एक काल आई थी। 

काॅलर ने खुद को एक बैक कंपनी का मैनेजर बताया था। उसने लोन दिलाने की बात कही। इसके बाद उसे ब्रह्मपुरी में मिलने के लिए बुलाया गया। आरोपी ने फाइल चार्ज और अन्य कार्य के लिए नौ लाख रुपये की मांग की। उसने नौ लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने झांसे में लेकर विभिन्न बैंक खातों में 40 लाख रुपये जमा करा लिए। 

साथ ही एक ग्रुप में अन्य लोगों को जोड़ने की बात कही। यूपी, बिहार और बंगाल के लोगों को जोड़कर ग्रुप बनाया गया। इस ग्रुप के जरिए ही लोन दिलाने का झांसा देकर करीब तीन हजार लोगों से 90 करोड़ रुपये ठगे गए। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के निर्देश पर अब साइबर सेल की ओर से मामले की जांच की जाएगी।

चौथी मंजिल से गिरे मजदूर की मौत
कंकरखेड़ा में खिर्वा रोड पर एक बिल्डिंग में चौथी मंजिल पर काम कर रहा मजदूर गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हादसे में युवक की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया।
 

थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित पावली खास गांव निवासी (35) विनोद पुत्र कमल सिंह सेटरिंग का काम करता था। विनोद वर्तमान में खिर्वा रोड पर स्थित एक बिल्डिंग में  काम कर रहा था। 


रविवार को विनोद निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर काम कर रहा था। अचानक से मजदूर का पैर फिसल गया। इसके बाद वह चौथी मंजिल से जमीन पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल हो गया। बिल्डिंग में काम कर रहे अन्य मजदूर व ठेकेदार मौके पर पहुंचे। 


  ठेकेदार ने मजदूर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है की शव मोर्चरी के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल तहरीर नही आई है।

नमाज पढ़कर लौट रहे युवक पर हमला
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के मजीदनगर में रविवार दोपहर नमाज पढ़कर लौट रहे साकिब पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। कुछ स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी भाग निकले। पुलिस के मुताबिक मजीद नगर निवासी शाकिब ने बताया कि वह दोपहर की नमाज पढ़कर घर लौट रहा था।

रास्ते में ही जाहिद ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अभद्रता की। विरोध करने पर मारपीट की गई। लिसाड़ीगेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि दोनो के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया जा रहा है। 

हथियारों के साथ फोटो वायरल कर दे रहे धमकी
अधिवक्ता को ससुराल वाले हथियारों के साथ अपने फोटो और वीडियो वायरल कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अधिवक्ता शिवांशु वर्मा ने बताया कि वह कचहरी में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उनका अपनी पत्नी से विवाद चला आ रहा है। पत्नी ने कोर्ट में भरण-पोषण भत्ते के लिए वाद दायर कर रखा है। अब ससुराल वाले उन्हें डराने के लिए लगातार धमकी दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर हथियारों के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। कई बार कोर्ट में भी उन्हें रोककर धमकी दी जा चुकी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापा, बोतलें जब्त
पूठा गांव स्थित अग्रेंजी शराब की दुकान पर रविवार शाम को टीपीनगर थाना पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप छापा मारा। आरोप है कि ठेके संचालक के द्वारा शराब की बोतलों में जुगाड़बाजी से मिलावट की जाती है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ठेके पर पहुंचकर शराब की बोतलों व पव्वों की जांच की और दर्जनों बोतलों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया। छापे की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि शराब का ठेका गांव के के बीच में है पास में सरकारी स्कूल भी है। शराब पीने वाले लोग महिलाओं से छेड़छाड़ करते हैं।

लालकुर्ती बड़ा बाजार में युवकों को घेरकर पीटा
लालकुर्ती बड़ा बाजार में हमलावरों ने दो युवकों को घेरकर पीट दिया। शोर सुनकर लोग एकत्र होने लगे तो हमलावर भाग निकले। घायल युवकों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। ऊंचा पीर किदवई नगर निवासी शोएब पुत्र नौशाद रविवार रात अपने दोस्त पिलोखड़ी निवासी अनस को लेकर लालकुर्ती रिश्तेदारी में आया था। इसी दौरान बड़े बाजार में आठ से दस युवकों ने उन्हें रोक लिया। इन युवकों ने हाथ में पंच पहने हुए थे। कुछ ने चेन ली हुई थी। शोएब और अनस को गिरा गिराकर पीटना शुरु कर दिया। शोर सुनकर आस पास के घरों से लोग निकल आये और मारपीट का विरोध किया। हमलावर धमकी देकर भाग निकले। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed