Meerut Crime News: दुष्कर्म के आरोपी पिता ने दी तेजाब डालने की धमकी, थाने में पूछताछ के बाद महिला की मौत
मेरठ में क्राइम की घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को दिन भर में पुलिस के पास जहां ढेरों शिकायते आईं तो वहीं वारदातों का खुलासा करने में पुलिस का ढीला रवैया सामने आ रहा है। कई मामलों में पुलिस खुद की उलझती नजर आती है। पढ़ें आज की क्राइम रिपोर्ट।
विस्तार
एसएसपी ने सीओ कोतवाली को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही आरोपी सौतेला पिता जमानत पर आया है। तब से समझौते का दबाव बना रहा है। ऐसा न करने पर तेजाब डालने की धमकी दे रहा है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सीओ कोतवाली अमित कुमार राय को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दस साल के बच्चे से कुकर्म, सीमा विवाद में उलझी तीन थानों की पुलिस
मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में पतंग दिलाने की बात कहकर पड़ोसी ने 10 साल के बच्चे को खेत में ले गया। यहां उसके साथ कुकर्म किया। घटना का पता चलने के बाद सोमवार को पीड़ित तहरीर लेकर लिसाड़ीगेट थाने पहुंचे। पुलिस ने परतापुर थाने का मामला बताकर उन्हें टरका दिया। वहीं, परतापुर पुलिस ने नए थाने लोहियानगर क्षेत्र की घटना बताया।
पुलिस के मुताबिक शान का बेटा रविवार को घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि क्षेत्र में ही रहने वाला जब्बार साइकिल पर पहुंचा। युवक ने बच्चे से कहा कि उसे अपने खेत से घास उखाड़नी है। यदि इसमें मदद करेगा तो वह उसे पतंग दिलाएगा। उसकी बातों में आकर बच्चा उसकी साइकिल पर बैठकर चला गया।
आरोप है कि यहां युवक ने बच्चे के साथ कुकर्म किया। साथ ही कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में आरोपी ने बच्चे को पतंग दिलाई और उसे सड़क पर छोड़ गया। इसके बाद मासूम ने परिवार को जानकारी दी।
एक करोड़ की ठगी के मामले में लगाई चार्जशीट
मेरठ के व्यापारी नेता व बिल्डर से एक करोड़ की ठगी के मामले में पुलिस ने चार्जशीट लगा दी। टीपीनगर क्षेत्र के कांलदी कालोनी निवासी बिल्डर कमल ठाकुर ने इंवेस्टर समिट में पांचली में 50 एकड़ औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का एक एमओयू सरकार के साथ किया।
उन्होंने कमल गोयल, विपिन गोयल ने अपने ग्राम पांचली स्थित जमीन के समस्त भाग का सौदा उसके आवास पर किया था। 13811 वर्ग गज भूमि का बैनामा 8 अप्रैल 2019 को उसके फर्म के नाम कर दिया था। शेष 75 लाख रुपये उनके ऊपर बकाया रह गए। कोरोना काल में कमल गोयल का निधन हो गया था।
इसके बाद उनके बेटे प्रतीक गोयल, व्योम गोयल के नाम पर शंभू नगर में 25 लाख रुपये और दे दिए। अब वह उनके रुपये वापस करने से इन्कार कर रहे हैं। टीपीनगर थाने में कमल गोयल के बेटे प्रतीक गोयल, विपिन गोयल उसके बेटे व्योम गोयल के खिलाफ एक करोड़ की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
रिटायर्ड डीएसपी से पॉलिसी के नाम पर ठगी
कंकरखेड़ा में साइबर ठगों ने रिटायर्ड डीएसपी विजय सिंह से पॉलिसी के नाम पर 30 हजार रुपये की ठगी कर ली। उनकी तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की है। सरधना रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी विजय सिंह ने उन्होंने एक बैंक से पॉलिसी ली है। इसकी 30 हजार रुपये की किस्त जाती है।
दो दिन पूर्व उनके पास एक युवक ने फोन किया था। युवक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और पॉलिसी के पैसे जमा करने के लिए कहा। युवक ने कहा कि दो दिन बाद पैसा जमा करने पर ब्याज लगेगा। फिलहाल उनके बैंक के सर्वर डाउन है। इसलिए वह उनके खाते में पैसे डाल दें। युवक के झांसे में आने के बाद उसके खाते में यह रकम भेज दी।
कक्षा आठ की छात्रा स्कूल से लापता
परीक्षितगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा आठ की छात्रा (12) सोमवार को स्कूल से लापता हो गई। पीड़ित पिता व अन्य लोग थाने पहुंचे और हंगामा किया। गांव जिठोला निवासी छात्रा भाई के साथ एसआरसी इंटर कॉलेज में पढ़ने जाती है। छुट्टी बाद छात्रा का भाई घर पहुंच गया, लेकिन छात्रा नहीं पहुंची। थानाध्यक्ष ने लोगों को शांत करते हुए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
एग्जाम से रोका तो छात्रा घर से चली गई, बाद में मिली
मोदीपुरम में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर छात्रा को परिजनों ने एग्जाम से रोका तो वह नाराज होकर घर से चली गई। बस में बैठकर मोदीपुरम चौकी तक पहुंच गई। यहां से दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार करती रही। देर रात उसकी तलाश करते हुए परिजन छात्रा के पास तक पहुंचे। काफी मनाने के बाद परिजन उसे घर ले गए।
दौराला क्षेत्र के गांव की निवासी छात्रा काफी समय से परीक्षा की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने उसे एग्जाम देने से रोक दिया था। इससे नाराज होकर ही यह छात्रा चली गई थी। सोमवार शाम पहले छात्रा बस में बैठकर चौकी पहुंची। इसके बाद काफी देर तक यात्री शेड में बैठी रही। मोदीपुरम चौकी प्रभारी सूरज पाल ने कहा कि छात्रा परिवार के पास चली गई है।
महिला दरोगा पर किशोरी की पिटाई का आरोप, जांच शुरू
किठौर थाने में तैनात एक महिला दरोगा पर कान के टॉप्स चोरी होने के शक में किशोरी की पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। सीओ किठौर ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किठौर निवासी विनोद की कोरोना काल में मौत हो गई थी। विनोद के तीन पुत्री और दो पुत्र हैं। राधिका(12 ) सबसे बड़ी है। पिता की मौत के बाद परिवार का भरण पोषण के लिए राधिका और उसकी मां रजनी घरों में काम करती हैं। राधिका राजकीय कन्या इंटर कालेज में कक्षा छह की छात्रा है। पढ़ाई के बाद वह मां के साथ घरों में काम करने जाती है। कुछ लोगों ने बताया कि महिला दरोगा थाने के सामने गुंजन कौशिक के यहां कमरे पर रहती हैं। ऊपर मकान मालिक रहते हैं। रजनी यहां पर काम करने आती है।
मकान मालिक के मुताबिक महिला दरोगा ने रजनी की बेटी से काम करने के लिए कहा तो उसने स्कूल जाने की बात कहते हुए इन्कार कर दिया। इसके बाद अगले दिन महिला दरोगा ने सोने के टॉप्स चोरी होने की बात कही। आरोप है कि सोमवार को दरोगा ने स्कूल से राधिका को थाने बुलाया और उसकी जमकर पिटाई की। जानकारी होने पर राधिका की मां भी थाने पहुंच गई। बाद में थाने पहुंची सीओ किठौर रुपाली राय ने बच्ची को छोड़ने के निर्देश दिए।
सीओ ने पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए। वहीं, महिला दरोगा ने आरोपों को गलत बताया है।
थाने में पूछताछ के तीन दिन बाद महिला की मौत
सिवालखास में दूध व्यापारी खुशी मोहम्मद की मौत के मामले में पूछताछ को थाने बुलाई गई महिला माजिदा की तीन दिन बाद मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर प्रसव के तीन दिन बाद ही थाने बुलाकर यातनाएं देने का आरोप लगाया। हालांकि बिना कानूनी कार्रवाई किए ही शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
दरअसल, खुशी मोहम्मद का शव 23 अगस्त को गांव लोहड्डा के नाले में मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस की जांच में खुशी मोहम्मद के फोन में एक महिला माजिदा पत्नी शाहिद की कॉल मिलने पर उसकी तलाश की।
इस दौरान पुलिस को पता चला कि तीन दिन पूर्व माजिदा की अपने जीजा राशिद निवासी कस्बा हर्रा सरूरपुर के घर डिलीवरी हुई है। उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने माजिदा को प्रसव के तीन दिन बाद ही पूछताछ के लिए थाने बुला लिया। इस दौरान उसे यातनाएं दीं। रविवार देर रात माजिदा की जीजा के घर पर मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार थाने में पूछताछ के लिए बुलाए जाने से माजिदा परेशान थी। उसने खाना-पीना छोड़ दिया था। जानी थानाध्यक्ष प्रजंत त्यागी के अनुसार माजिदा को खुशी मोहम्मद की मौत के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वह अपने परिजनों के साथ थाने आई थी। सामान्य पूछताछ के दो घंटे बाद ही थाने से चली गई थी। परिजनों ने बताया कि वह टीबी की मरीज थी। यातनाएं के आरोप निराधार हैं।
कपड़ा व्यापारी और महिला लापता, तलाश जारी
कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के खिर्वा रोड स्थित संत विहार निवासी कपड़ा व्यापारी मनोज गिरि और सरधना निवासी सुंदरी अलग-अलग जगहों से लापता हो गए। मनोज रविवार सुबह मुजफ्फरनगर के लिए निकले थे। इस दौरान मनोज को बेटे ने हाईवे पर छोड़ा था। दोपहर तक व्यापारी का फोन नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। फोन नंबर भी बंद था। परेशान परिजन मुजफ्फरनगर पहुंचे, लेकिन मनोज का सुराग नहीं लग सका। वहीं, सरधना निवासी सुंदरी का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
सिर पर किसी हथियार के वार से हुई थी हत्या
गंगानगर के रक्षापुरम सेक्टर-3 में टंकी के नीचे नग्न अवस्था में मिले महिला के शव का पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की हत्या सिर पर किसी हथियार से वार करके की गई। पुलिस ने सोमवार को भी पार्क की तलाशी ली और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली, लेकिन शव की पहचान नहीं हो पाई। महिला से दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
रक्षापुरम रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री संजीव कुमार के मुताबिक यहां पार्क काफी समय से बदहाल है। यहां नशेड़ी और अराजक तत्व सक्रिय रहते हैं। एसपी देहात कमलेश बहादुर का कहना है कि महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।