Meerut: वन विभाग कर्मी ने किसान से की मारपीट, गुस्साए किसानों ने चांदपुर मार्ग पर लगाया जाम
मेरठ से सटे हस्तिनापुर में वन विभाग कर्मी द्वारा किसान के साथ मारपीट किए जाने से गुस्साए किसानों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है।
विस्तार
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव भीमकुंड का है, जहां पर एक किसान अपने खेत पर जा रहा था। किसान का आरोप है कि वन विभाग के कर्मी ने उसके साथ मारपीट की जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने भीमकुंड चांदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया है।
भीमकुंड निवासी किसान बिरजू ने बताया कि मोटरसाइकिल पर यूरिया का एक कट्टा लेकर अपने खेत पर जा रहा था। यूरिया का कट्टा मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया। पीछे से आ रही वन विभाग की गाड़ी में सवार वन कर्मियों ने उसके साथ मारपीट की जिसमें वह घायल हो गया।
पीड़ित किसान ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और जब इस बात की भनक ग्रामीणों को लगी तो आक्रोशित ग्रामीणों में भीमकुंड चांदपुर जाने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों की मांग है कि जब तक वनकर्मी आकर किस से माफी नहीं मांगता, तब तक वह जाम को नहीं खोलेंगे। उधर जाम लगने से दोनों और लंबी-लंबी लाइन लगी है। मौके पर थाना पुलिस और वन विभाग के अधिकारी पहुंचकर किसानों से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन किसान के साथ मारपीट करने वाले वन कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।