मेरठ बवाल: शहर से देहात तक चप्पे-चप्पे पर पुलिसफोर्स तैनात, इंटरनेट सेवाएं बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ शहर में मंगलवार को तनावपूर्ण शांति रही। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहा। आरएएफ, पीएसी व पुलिस फोर्स ने फ्लैग मार्च निकाला। आईजी, डीएम व एसएसपी जिले की स्थिति जानने में जुटे रहे। हालांकि एहतियात के तौर पर बुधवार को 12वीं तक के स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, उपद्रवियों पर मारपीट, तोड़फोड़ व लूट के 100 से अधिक मुकदमे लोगों ने दर्ज कराए हैं।
जिले की सुरक्षा सुबह सात बजे से पुलिस, आरएएफ और पीएसी के हवाले रही। शहर को चार जोन और देहात को 15 सेक्टरों में बांटा गया। सुबह आठ बजे एसपी सिटी मानसिंह चौहान, एसपी देहात राजेश कुमार, एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी, एएसपी सतपाल सिंह ने शहर और कंकरखेड़ा बाईपास पर आरएएफ और पीएसी के साथ फ्लैग मार्च निकाला।
रूटीन की तरह खुले बाजार
सुबह दस बजे रोजाना की तरह शहर में बाजार खुलने लगे। लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। सब सामान्य रहा। दोपहर को पुलिस अफसरों ने फिर आरएएफ और पीएसी के बाद फ्लैग मार्च निकालकर शहर में कोई तनाव न होने का संदेश दिया। हालांकि लोग एक-दूसरे को फोन कर शहर की स्थिति के बारे में पूछते रहे।
दिन भर अधिकारी सड़क पर रहे
आईजी रेंज रामकुमार, डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी मंजिल सैनी मंगलवार दिन भर सड़कों पर घूमते रहे। एडीजी जोन प्रशांत कुमार ने भी शहर का भ्रमण किया। पुलिस अधिकारी फोर्स से स्थिति के बारे में जानकारी लेते रहे। कंट्रोल रूम में भी सूचनाएं सामान्य आईं।
मुकदमे कराने का दौर चला
एसएसपी ने बताया कि कंकरखेड़ा, लालकुर्ती, सदर बाजार, सिविल लाइन, मेडिकल समेत आठ थानों में मंगलवार को उपद्रवियों पर मुकदमे दर्ज कराने का सिलसिला चलता रहा। सोमवार को जिन लोगों का इस उपद्रव में नुकसान हुआ, उन्होंने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पढ़ें : ...जब 7 घंटे तक जलता रहा शहर, SP सिटी समेत 100 घायल, देखें तस्वीरें
देहात पर ज्यादा फोकस
पुलिस का देहात के इलाकों पर ज्यादा फोकस था। पुलिस का मानना है कि सोमवार को देहात से आए लोगों ने शहर में बवाल किया। इसको देखते हुए देहात से आने वाले सभी मार्गों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। हालांकि किसी भी गांव से हंगामा या प्रदर्शन करने के लिए घर से कोई नहीं निकला।
अंकुर का कराया अंतिम संस्कार
उपद्रव में हसनपुर, भावनपुर निवासी अंकुर की गोली लगने से मौत हुई थी। पुलिस ने अंकुर के परिजनों को रात से विश्वास में लिया हुआ था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर अंकुर के शव का बृजघाट पर ही परिजनों को साथ ले जाकर अंतिम संस्कार कराया। कोई तनाव नहीं होने दिया।
इंटरनेट सिस्टम नहीं चला
इंटरनेट सुविधा भी मंगलवार को दिन भी ठप रही। उपद्रव की वीडियो का आदान प्रदान नहीं हुआ। पुलिस भी सोशल साइट पर नजर रख रही थी। पुलिस अफसरों का कहना है कि इंटरनेट सेवा बंद नहीं होती तो लोग भड़काऊ वीडियो एक-दूसरे को भेजकर माहौल गर्मा सकते थे।
नहीं बिगड़ने देंगे माहौल
मंगलवार दिन भर शांतिपूर्वक रहा। पुलिस फोर्स, आरएएफ व पीएसी बल तैनात है। उपद्रवियों पर केस दर्ज कराकर जेल भेजा जा रहा है। हर बिंदु पर पुलिस की नजर है। कानून व्यवस्था खराब नहीं होने देंगे। -प्रशांत कुमार, एडीजी मेरठ जोन
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/