Meerut: बच्चों को लेकर रात को मायके गई नाराज पत्नी, शराबी पति ने सुबह होते ही फांसी लगाकर दी जान
मेरठ के मुंडाली में नाराज पत्नी के बच्चों संग मायके जाने के बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि पत्नी का शराब पीने को लेकर पति से विवाद हुआ था जिसके बाद वह मायके चली गई थी।
विस्तार
मेरठ में मुंडाली के भगवानपुर गांव निवासी अरुण (32) का शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। नशे में पति के पीटने से आहत पत्नी चारों बच्चों को लेकर मायके चली गई। इसके बाद रात को पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक चार बच्चों का पिता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
पुलिस के मुताबिक अरुण पुत्र बिजेंद्र भावनपुर के जयभीमनगर में किराए के मकान में पत्नी रेखा और चार बेटों तरूण, वरूण, करण और दिपांशु के साथ रह रहा था। मजदूरी के पैसे वह शराब पीने में खर्च कर देता था। इसे लेकर रोजाना पत्नी से विवाद रहता था।
रविवार रात वह शराब पीकर आया तो पत्नी ने विरोध कर दिया। इस पर अरुण ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की पिटाई कर दी और नहर मेें कूदने की धमकी देकर घर से जाने लगा। पत्नी ने किसी तरह उसे रोककर घर में बंद कर दिया और बच्चों को लेकर वह मायके चली गई।
रात को अरुण ने कमरे के पीछे बने जाल में डिश के केबिल का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को पड़ोसियों ने अरुण का शव लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। पति की मौत की सूचना पर पहुंची रेखा और चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रेखा बस यही कहती रही कि उसके चार बच्चों का पालन पोषण अब कैसे होगा। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव भगवानपुर चले गए। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण हैंगिंग आया है।