Meerut: फैक्टरी सील करने पहुंची मेडा की टीम, दिल के दौरे से बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Meerut News : मेडा की टीम फैक्टरी सील करने पहुंची तो मालिक से कहासुनी हो गई। इस दौरान विवाद बढ़ा तो एक बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
विस्तार
मेरठ में मुल्तान नगर में मेडा की टीम अवैध फैक्टरी सील करने पहुंची तो मेडा के जेई और फैक्टरी मालिक के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच पहुंचे फैक्टरी संचालक के नाना का भी जेई से वाद-विवाद होने लगा। इसी दौरान नाना की हार्ट अटैक से मौत हो गई तो मामले ने दूसरा रूप ले लिया। जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
टीपी नगर के मुल्तान नगर में शकुंतला पत्नी अशोक की रबड़ फैक्टरी है। यहां पर टेनिस बॉल बनाई जाती है। फैक्टरी का काम बेटा हिमांशु देखता है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के जेई पवन शर्मा फैक्टरी पहुंचे। जेई ने आवासीय क्षेत्र में फैक्टरी होने का हवाला देते हुए इसे अवैध बताया। फैक्टरी को सील करने की बात कही। इस पर शकुंतला, हिमांशु और जेई के बीच कहासुनी होने लगी।
इस दौरान वाद-विवाद में शामिल हिमांशु के नाना सुंदर सिंह अचानक बेहोश हो गए। परिजन आनन-फानन सुंदर सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद फैक्टरी संचालक और कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। फैक्टरी संचालक ने जेई पवन शर्मा पर अभद्रता का आरोप लगाया। मामला बढ़ता देख पवन शर्मा भोला पुलिस चौकी पहुंच गए।
इसके बाद टीपीनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और गुस्साई भीड़ को शांत कराया। हिमांशु के परिवार क्षेत्रीय भाजपा नेता के साथ टीपी नगर थाने पहुंचे। सरकारी टीम पर अभद्रता का आरोप लगाया। थाने में तहरीर देकर जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर टीपी नगर जितेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। जेई पवन शर्मा ने बताया कि कुछ लोगों ने नगर निगम में शिकायत की थी कि फैक्टरी से निकल रहा धुंआ बीमारी फैला रहा है। इस पर नगर निगम ने फैक्टरी की अनुमति रद्द कर दी थी। इसके बाद भी चल रही फैक्टरी को लेकर लोगों ने मेडा में शिकायत की गई थी। मेडा की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची थी। जेई ने बताया कि लोगों ने उन पर ईंट से हमला किया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ में गरजा बुलडोजर: कार्रवाई से मचा हड़कंप, 'ध्वस्तीकरण के बाद फिर किया अवैध निर्माण तो लगेगा गुंडा एक्ट'
मुल्तान नगर के लोग प्राधिकरण में शिकायत करने आए थे की रिहायशी क्षेत्र में रबड़ की बाल बनाने की फैक्टरी चल रही है। इस पर जेई पवन शर्मा को भेजा गया था, उनसे फैक्टरी संचालक ने दस दिन की मोहलत मांगी थी। वह समय देकर लौटने लगे तो पीछे से किसी ने पथराव कर दिया। इसके बाद वह थाने गए और प्रकरण बताया। - मेडा उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय
यह भी पढ़ें: Meerut: पीछे बैठे कपल को देखकर लगी गड़बड़, कैब चालक ने सीधा थाने पहुंचा दी कार, फिर हुआ चौंकाने वाला खुलासा