UP: पत्नी के हाथ-पैर बांध बेड में डाला, ऊपर से रखीं आलू की बोरियां, भूख-प्यास से तड़पती रही रीनू, सामने आया सच
Meerut Crime News : मेरठ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी पत्नी पर जुल्म की सारी हदें पार कर दीं। वहीं, मामला थाने पहुंचा तो हर किसी के होश उड़ गए।
विस्तार
मेरठ के दौराला में चिरौड़ी गांव निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी को चार दिन पहले हाथ-पैर बांधकर बेड में बंद कर दिया और ऊपर से आलू की बोरियां रख दीं। इसके बाद पति दौराला थाने पहुंचा और पत्नी के गुम होने की तहरीर दी। पुलिस महिला को ढूंढने में जुटी थी। वहीं, सोमवार को मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और महिला की घर में तलाश की तो महिला बेड में बंद मिली। पुलिस ने महिला के ससुर को हिरासत में ले लिया है।
मसूरी गांव निवासी भरत सिंह ने अपनी बेटी रीनू की शादी 10 साल पहले चिरौड़ी गांव निवासी रणकुमार पुत्र धर्मवीर से की थी। रीनू ने बताया कि उसका पति उसके चरित्र पर सवाल उठाता है, जिसके चलते आए दिन घर में कलह रहती है और पति मारपीट करता था। चार दिन पहले इसी बात के चलते पति ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और बेड में बंद कर दिया। किसी को शक न हो इसलिए बेड के ऊपर आलू की बोरियां रख दीं। बेड में बंद होने के कारण उसकी आवाज बाहर नहीं पहुंच सकी। हाथ-पैर बंधे होने के चलते वह कुछ नहीं कर सकी।
इसके बाद रणकुमार दौराला थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी गुम हो गई है और उसने गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस तभी से महिला की तलाश में जुटी थी। लेकिन, मायके पक्ष के लोगों को रणकुमार की बात पर विश्वास नहीं हुआ। सोमवार को भाई रविंद्र अपनी पत्नी रेखा और छोटी बहन को लेकर चिरौड़ी पहुंचा। उसने घर की तलाशी शुरू की।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने तलाशी करने का विरोध किया, जिस पर उनका शक ओर गहरा गया। तलाशी के दौरान जैसे ही उसने आलू की बोरियां हटाकर बेड खोला तो वह हैरान रह गए। रीनू बेड के अंदर बंद थी और बदहवास हालत में थी। उन्होंने रीनू के हाथ-पैर खोले और सीएचसी दौराला में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: Meerut: फिटकरी की बेटी को अमेरिका में मिलेगी तीन करोड़ की छात्रवृत्ति, परिजनों की खुशी का नहीं कोई ठिकाना
इसके बाद भरत सिंह ने दौराला पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। महिला के बयान लेने के बाद पुलिस ने ससुर धर्मवीर को हिरासत में ले लिया, जबकि फरार हुए पति रणकुमार की तलाश शुरू कर दी। उधर, अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार किया। अब, महिला की हालत सामान्य है।
यह भी पढ़ें: Exclusive: कलीम की गिरफ्तारी के बाद हुए कई बड़े खुलासे, पड़ोसी देशों के लोगों को भी एजेंट बना रहा ISI
थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा का कहना है कि मायके पक्ष के लोगों ने बेड के अंदर से रीनू को बरामद किया है। जांच की जा रही है। पति व उसके परिजनों पर कार्रवाई की जाएगी।