गुरुग्राम में मुस्लिम परिवार पर हुआ हमला निंदनीय : मौलाना महमूद मदनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व राज्यसभा सांसद मौलाना सैय्यद महमूद मदनी ने गुरुग्राम में मुस्लिम अल्पसंख्यक के घर में घुसकर शरारती तत्वों द्वारा किए गए हमले पर गहरी चिंता जताते हुए इसकी निंदा की है। मदनी ने इस मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र भेजकर दोषियों पर शीघ्र सख्त कार्रवाई कराए जाने की मांग भी की है।
सोमवार को जारी बयान में मौलाना महमूद मदनी ने कहा कि गुरुग्राम में मुस्लिम के घर में घुसकर किया गया हमला बेहद निंदनीय है। भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष देश में धर्म, जाति के आधार पर हमले होना देश की महानता पर एक कलंक है। इसलिए देश के शासक सभी धर्मों के जिम्मेदार और प्रभावशाली लोगों को एक साथ आवाज उठाने की आवश्यकता है।
मदनी ने कहा कि देश में हो रहीं इस प्रकार की घटनाओं पर सरकार को तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। मदनी ने बताया कि इस मामले में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि इस घटना के सोशल मीडिया में आने के बाद पूरे देश में चिंता है। इसलिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके। उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि घटना की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। वायरल हो रही वीडियो में आरोपियों की पहचान भी हो रही है, लेकिन उसके बावजूद अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। जिसकी वजह से मुसलमानों में खौफ व बेचैनी बनी हुई है।
पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी जमीयत: हकीमुद्दीन
गुरुग्राम के धमासपुरा गांव में मुस्लिम अल्पसंख्यक परिवार के साथ शरारती तत्वों द्वारा घर में घुसकर की गई मारपीट में घायल हुए लोगों का हालचाल जानने के लिए जमीयत उलमा-ए-हिंद (मौलाना महमूद मदनी गुट) का एक प्रतिनिधिमंडल सचिव मौलाना हकीमुद्दीन के नेतृत्व में उनके आवास पर पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ितों से मुलाकात कर दोषियों को सख्त सजा दिलाए जाने का आश्वासन दिलाया। मौलाना हकीमुद्दीन ने बताया कि जमीयत उलमा-ए-हिंद पीड़ित परिवार का मुकदमा लड़ेगी और दोषियों को सजा दिलाने का काम करेगी। प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के अध्यक्ष मौलाना याहया करीमी, सैय्यद जहीन अहमद मदनी, मुफ्ती सलीम बनारसी, मौलाना अरशद कासमी, मौलाना जफरुद्दीन कासमी, मौलाना नूरुल्लाह करीमी आदि शामिल रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/