Meerut: लॉरेंस गैंग से बोल रहा हूं...पांच लाख न दिए तो लाश घर जाएगी, सुनते ही प्रवक्ता की अटकीं सांसें, दहशत
मेरठ के गंगानगर में एक कॉलेज के प्रवक्ता से पांच लाख की रंगदारी मांगी है। यही नहीं प्रवक्ता को धमकी दी गई कि यदि रंगदारी नहीं दी तो शव घर पहुंचेगा। वहीं धमकी भरे संदेश के बाद से प्रवक्ता समेत पूरा परिवार दहशत में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के गंगानगर में नवजीवन इंटर कॉलेज कस्तला में कला प्रवक्ता डॉ. नीरज शर्मा से पांच लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। लगातार दो दिन व्हाट्सएप कॉल आने के बाद प्रवक्ता ने गंगानगर थाने में तहरीर दी है। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। प्रवक्ता और उनका परिवार दहशत में है।
डॉ. नीरज शर्मा के मुताबिक मंगलवार शाम उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह लॉरेंस विश्नोई गैंग से बोल रहा है, पांच लाख का इंतजाम करो। इतना कहने के बाद कॉल कट गई।
डॉ. नीरज के मुताबिक उन्होंने उक्त नंबर को व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया। बुधवार को वह कॉलेज पहुंचे ओर अपने साथी शिक्षकों को जानकारी दी। वहां उन्होंने उस नंबर को अनब्लॉक किया। करीब साढ़े दस बजे फिर से उनके मोबाइल पर उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आ गई।
यह भी पढ़ें: Shamli Road Accident: कोहरे में ट्रक की टक्कर से स्कूल बस के परखच्चे उड़े, पानीपत-खटीमा हाईवे पर हुआ हादसा
कॉल करने वाले ने कहा- पांच लाख रुपये का इंतजाम हुआ कि नहीं, इंतजाम कर लो। पांच लाख रुपये नहीं मिले तो तुम्हारा शव घरवालों को भेज दिया जाएगा। उसके बाद कॉल कट गई। घटना की जानकारी डॉ. नीरज ने डॉयल-112 पर दी। पुलिस कॉलेज में पहुंच गई। पुलिस ने उनके मोबाइल से उक्त नंबर पर कॉल कराई। रंगदारी मांगने वाले ने कहा कि अपनी जान प्यारी है तो पांच पेटी तैयार रखना। मैं अकाउंट नंबर दूंगा उसमें 5 लाख रुपये डाल देना। उसे बाद कॉल कट गई।
इंचौली थाने से गंगानगर भेजा
डॉ. नीरज डॉयल-112 पुलिस टीम के साथ इंचौली थाने पहुंचे। डॉ. नीरज के मुताबिक इंस्पेक्टर जितेंद्र दुबे ने मामला सुना और बताया कि इसकी शुरूआत गंगानगर से हुई है, वहां मामला बताना होगा। इसके बाद वह गंगानगर थाने पहुंचे और तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका न तो गंगानगर में और न ही विद्यालय में किसी से विवाद है।
गंगानगर में मुकदमा दर्ज
डॉ. नीरज शर्मा की तहरीर पर गंगानगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई दलवीर सिंह ने बताया कि प्रवक्ता डॉ. नीरज से पूछताछ की गई है उन्होंने किसी से विवाद होने से इन्कार किया है। उनके द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नंबर की जांच थाने पर ही सर्विलांस टीम कर रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं एसपी देहात केशव कुमार ने कहा कि नंबर ट्रेस किया जा रहा है। टेलीकॉम कंपनी से ब्योरा मांगा गया है।