लेडी डॉन 'रानो' खोल सकती है कई कुख्यात बदमाशों की कुंडली, यूपी पुलिस के निशाने पर बड़े इनामी
सहारनपुर में कांबिंग के दौरान सोमवार की रात को ही पचास हजार के इनामी वाजिद काला की पत्नी रानो को पुलिस ने पकड़ लिया था, लेकिन पुलिस रानो के बारे में खुलासा करने से बच रही है। उसे किसी गोपनीय स्थान पर रखा गया है। माना जा रहा है कि उसके माध्यम से पुलिस कई बड़े बदमाशों पर निशाना साधने की जुगत में है। कुछ बड़े नाम भी सामने आ रहे हैं।
ग्राम तुरमतखेड़ी में फरीद के घर पर फायरिंग कर भाग रहे एक बदमाश को लोगों ने धुनाई कर पुलिस को दे दिया है, जबकि दूसरे को मार डाला था। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश से काफी पूछताछ की है और कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं, लेकिन पुलिस अभी भी 50 हजार के इनामी वाजिद काला की पत्नी जासमीन उर्फ रानो को लेकर पूरी तरह से गोपनीयता बरत रही है। पुलिस ने रानो को कांबिंग के दौरान ही गन्ने के खेत से पकड़ लिया था। सूत्रों की मानें तो पुलिस के कुछ अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस को काफी जानकारी हासिल भी हुई है।
माना जा रहा है कि रानो को पुलिस अब हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है। उसके माध्यम से पुलिस बड़े इनामियों और अन्य बड़े बदमाशों को टारगेट करेगी। कुछ नाम भी पुलिस को मिल चुके हैं। उससे वाजिद काला के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। अभी पुलिस मामले को पूरी तरह से गोपनीय रखे हुए है।
बदमाश दे गए गच्चा
कार में सवार होकर तुरमतखेड़ी में फरीद के घर पर हमला करने के लिए आए बदमाशों की संख्या लोगों ने चार बताई, जबकि बाइक पर सवार बदमाशों की संख्या तीन बताई गई। लोगों से घिरने के बाद सभी बदमाश गन्ने के खेतों में घुस गए। लोगों ने खेतों को घेर लिया। कई थाने की पुलिस, पीएसी खेतों को घेरे रही। फिर भी बदमाश बचकर निकलने में कामयाब हो गए। लोगों ने एक को मौके पर मार दिया, जबकि दूसरे को पकड़ लिया। लेकिन अन्य बदमाश इतनी संख्या को चकमा देकर फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपी से की जाएगी पूछताछ
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है पकड़े गए आरोपी से अभी पूछताछ नहीं की जा सकी है। उससे पूछताछ की जाएगी। जिससे कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
खाकी की मिलीभगत भी आ सकती है सामने
रानो से पूछताछ में खाकी के कई चेहरे भी सामने आ सकते हैं। पुलिस सूत्रों के ही अनुसार जासमीन उर्फ रानो की कई पुलिसकर्मियों से भी मिलीभगत रही है। सूत्रों द्वारा यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस गतिविधियों की सूचना भी रानो और उसके साथियों को पुलिस महकमे के ही कुछ विभीषण देते रहे हैं। सख्ती से पूछताछ की तो कइयों का नाम उजागर हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले को पूरी तरह से गोपनीय बनाए हुए है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/